हिंदी
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है और पिता ने पति पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के विदिशा के रहने वाले रामजी लाल की बेटी मुस्कान की जिंदगी में खुशियों की उम्मीदें तब धूमिल हो गईं, जब उसकी शादी इसी साल 29 जून 2026 को नीलेश के साथ हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन जल्द ही मुस्कान के सामने एक ऐसा सच आया जिसने उसके नए जीवन को संकट में डाल दिया। पिता का आरोप है कि शादी के बाद मुस्कान को पता चला कि उसका पति नीलेश पहले से ही शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी इंदौर में रहती है। इस खुलासे के बाद से ही पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव रहने लगा था और मुस्कान को अक्सर ताने दिए जाने लगे थे।
पिता रामजी लाल के अनुसार, उनकी बेटी मुस्कान रेलवे में जूनियर इंजीनियर (JE) की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसी सिलसिले में वे 10 अक्टूबर को उसे अपने साथ झांसी लेकर आए थे। घटना वाले दिन यानी 23 अक्टूबर को नीलेश अपनी पत्नी मुस्कान को यह कहकर अपने साथ ले गया कि वे दोनों मौसी के घर जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया। पति-पत्नी एक होटल के कमरे में ठहरे हुए थे, जहाँ से अचानक मुस्कान की मौत की मनहूस खबर आई।
थाने के बाहर परिजन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
अगले दिन जब परिजनों ने संपर्क किया, तो पहले उन्हें अस्पताल में होने की बात बताई गई। इसके बाद जब वे जिला अस्पताल पहुँचे, तो मुस्कान मृत अवस्था में मिली। पिता रामजी लाल का आरोप है कि नीलेश के किसी अन्य महिला के साथ संबंध भी थे और इसी वजह से लगातार विवाद चल रहा था। पिता ने आशंका जताई है कि होटल के कमरे में बेटी के साथ मारपीट और हिंसा की गई, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई।
लखीमपुर खीरी हिंसा: आशीष मिश्रा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, दिवाली मनाने पैतृक घर जा सकेंगे आरोपी
फिलहाल, पति पर लगाए गए हत्या के ये गंभीर आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। एक होटल के बंद कमरे में आखिर ऐसा क्या हुआ कि हँसती-खेलती नवविवाहिता की जान चली गई? क्या यह कोई हादसा था या फिर किसी सोची-समझी साजिश का परिणाम? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की निष्पक्ष जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही मिल सकेंगे। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
Location : Jhansi
Published : 26 October 2026, 3:36 PM IST