“मर्सिडीज नाले में जा गिरी…” जयपुर में CA के अपहरण की कोशिश से मचा हड़कंप, कार से निकलीं नकली पिस्टल-चाकू

जयपुर के सेंट्रल पार्क इलाके में सुबह एक CA के कथित अपहरण की कोशिश ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोप है कि दो युवकों ने जबरन उसे मर्सिडीज में बैठाने की कोशिश की और फिर तेज रफ्तार कार लेकर फरार हो गए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 September 2026, 5:51 PM IST
google-preferred

Jaipur: जयपुर में सुबह-सुबह सामने आई एक घटना ने शहर में सनसनी फैला दी। अशोक नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल पार्क इलाके में एक युवक ने आरोप लगाया कि दो लोगों ने उसे जबरन मर्सिडीज कार में बैठाने की कोशिश की।

पीड़ित के मुताबिक, दोनों युवक उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान किसी तरह वह उनके चंगुल से बचा। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर तेज रफ्तार मर्सिडीज लेकर वहां से निकल गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की ओर से अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

दिल्ली रोड पर हुआ बड़ा हादसा

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, संदिग्ध मर्सिडीज जयपुर के आमेर इलाके की तरफ पहुंची। दिल्ली रोड पर तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और आगे बढ़ती रही।

बताया जा रहा है कि करीब सुबह 8 बजे पीली की तलाई कट के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

ये भी पढ़ें- कुर्सी की रंजिश या नाली का विवाद? हमीरपुर में दो महिला अध्यक्षों के बीच सरेराह लात-घूंसों की बौछार

कार की तलाशी में मिला संदिग्ध सामान

सूचना मिलने के बाद आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज की जांच की। पुलिस को तलाशी के दौरान कार के अंदर से एक नकली पिस्टल और चाकू मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मर्सिडीज को अपने कब्जे में ले लिया है।

अब जांच का अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि कार में मौजूद दोनों युवक कौन थे और उनके पास ये सामान क्यों था।

CCTV फुटेज से खुलेगा राज?

पुलिस अब सेंट्रल पार्क से लेकर दिल्ली रोड और हादसे वाली जगह तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए मर्सिडीज की आवाजाही और उसमें सवार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि कार किस रास्ते से आई थी और हादसे से पहले उसमें कौन-कौन सवार था।

ये भी पढ़ें- मासूम बेटे ने पूछा-‘मां कब उठेगी’? दहेज के लिए फंदे पर झूलाई गई विवाहिता, बिलखते परिजनों का कलेजा फटा

CA को क्यों ले जाना चाहते थे आरोपी?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अभी यही है कि आखिर पीड़ित को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश क्यों की गई? पुलिस पीड़ित के बयान और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी युवक को कहां ले जाना चाहते थे और उनके पास नकली पिस्टल व चाकू कैसे पहुंचे। फिलहाल दोनों संदिग्ध फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। 

Location :  Jaipur

Published :  10 September 2026, 5:51 PM IST

Advertisement