हिंदी
दामिनी और उसका पति (Image: Dynamite News)
Bihar News: बिहार के सुपौल में एक नवविवाहिता की दर्दनाक मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि प्रेम विवाह के महज नौ महीने बाद पति ने पत्नी को मिलने के बहाने बुलाया और फिर सुनसान नहर किनारे उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी युवती जान बचाने के लिए करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ती रही। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसी युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या के मामले में जांच और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीय दामिनी देवी के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र की लोकहा पंचायत के वार्ड नंबर तीन निवासी संजीव कुमार साह से उसकी बातचीत मोबाइल फोन के जरिए शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और करीब नौ महीने पहले दोनों ने शादी कर ली।
दामिनी के कथित बयान के मुताबिक, शादी के बाद ससुराल में उसे स्वीकार नहीं किया गया और प्रताड़ना के कारण वह अपने मायके मुजफ्फरपुर में रहने लगी थी। इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 को उसके पति ने फोन करके उसे मिलने के लिए बुलाया। दामिनी उसके बुलावे पर आ गई। आरोप है कि संजीव उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर दिनभर अलग-अलग जगहों पर घुमाता रहा।
बताया गया है कि शाम होने पर आरोपी दामिनी को रतनपुर थाना क्षेत्र के लालमनपट्टी गांव के पास सुपौल उप शाखा नहर की सुनसान पटरी पर ले गया। वहां कथित तौर पर उसने दामिनी के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक लगी आग से युवती बुरी तरह झुलस गई। आरोप है कि पति उसे बचाने के बजाय उसका मोबाइल फोन और सामान लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
आग की लपटों से घिरी दामिनी जान बचाने के लिए करीब 500 मीटर तक दौड़ती हुई ग्रामीण बस्ती की ओर पहुंची। उसे इस हालत में देखकर ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में दामिनी का इलाज किया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद भपटियाही और रतनपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मृतका के बयान और परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी संजीव कुमार साह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू प्रताड़ना से जुड़े सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Location : Bihar
Published : 25 October 2026, 1:16 PM IST