हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी के महज 25 दिन बाद पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपनी जिंदगी ही खत्म कर ली। बताया जा रहा है कि पत्नी के कड़वे तानों से आहत होकर युवक ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने शव को लटका देखा तो पूरे घर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
पूरा मामला अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाला युवक साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने का काम करता था। करीब 25 दिन पहले उसकी शादी सैदनगली थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान नवविवाहिता ने गुस्से में पति को कुछ ऐसे ताने मार दिए, जिन्हें वह सहन नहीं कर सका। परिजनों का कहना है कि युवक इस बात से बेहद आहत हो गया था। रात में वह अपने कमरे में चला गया और किसी समय फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो युवक का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया। युवक दो भाइयों में छोटा बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस को घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। फिलहाल मामले को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Location : Amroha
Published : 29 May 2026, 2:21 PM IST