
मोबाइल गैलरी बनी सबसे बड़ा सबूत (IMG: Dynamite News)
Agra: जिस पिता की उंगली पकड़कर एक बेटी ने चलना सीखा, उसी ने कथित तौर पर अपनी बेटी की गर्दन पकड़कर उसे चंबल नदी में डुबो दिया। यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ऐसी वारदात है, जिसने पुलिस अधिकारियों तक को झकझोर दिया। आरोप है कि अविवाहित बेटी के गर्भवती होने के बाद बदनामी के डर से पिता और उसके जीजा ने मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची। इतना ही नहीं, बेटी से पहले मरने का नाटक करवाया गया और उसकी तस्वीरें भी खींची गईं ताकि बाद में उन्हें अपनी बेगुनाही का सबूत बनाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता बेटी को गर्भपात कराने का झांसा देकर चंबल नदी के किनारे ले गया। शुरुआत में युवती जाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन परिवार की बदनामी का हवाला देकर उसे मना लिया गया। नदी किनारे पहुंचने के बाद उसे आत्महत्या करने के लिए कहा गया। बताया जा रहा है कि युवती ने पिता के दबाव में पहले जहर खाकर मरने का नाटक किया। वह जमीन पर लेट गई और उसके जीजा ने तस्वीरें खींच लीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि युवती नदी में तो उतरी, लेकिन पानी में सांस नहीं ले पाने के कारण डर गई और वापस बाहर निकलने लगी। इसी दौरान पिता ने कथित रूप से उससे कहा, "बिटिया, तू खुद ही मर जा... मेरे हाथ से पाप क्यों करा रही है।" जब बेटी बाहर आने लगी तो आरोप है कि पिता ने उसकी गर्दन पकड़कर पानी में दबोच लिया। जीजा भी उसके साथ था। युवती छटपटाती रही, लेकिन उसे बाहर नहीं आने दिया गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को बाहर निकालकर उसकी फिर से तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद शव को चंबल नदी में बहा दिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले से योजना बनाई थी कि अगर पुलिस पूछताछ करेगी तो वे यही फोटो दिखाकर कहेंगे कि युवती ने खुदकुशी की थी और वे निर्दोष हैं।
पूरे मामले का सबसे अहम सुराग आरोपी पिता के मोबाइल फोन से मिला। पुलिस ने मोबाइल की गैलरी खंगाली तो उसमें 29 जुलाई की सुबह लगभग 6:45 बजे खींची गई कई तस्वीरें मिलीं। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर पुलिस को कहानी पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पूरी साजिश कबूल कर ली।
पुलिस अब चंबल नदी में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कर रही है। साथ ही घटनास्थल की पहचान, आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए कपड़ों और अन्य वस्तुओं की बरामदगी की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि हो सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों किस वाहन से घटनास्थल तक पहुंचे थे।
Location : Agra
Published : 5 August 2026, 2:58 PM IST