हिंदी
घर में सो रहे अधेड़ की गला रेतकर हत्या (Source: Pinterest)
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव में घर में सो रहे अधेड़ की अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान ठाकुरदास अहिरवार के रूप में हुई है। सुबह हत्या की जानकारी सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में दहशत का माहौल है।
मामला मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहूनी गांव का है। मृतक की पहचान ठाकुरदास अहिरवार के रूप में हुई है। मृतक के बेटे नरेश के मुताबिक, बीती रात परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। उसका बड़ा भाई किसी काम से चित्रकूट गया हुआ था। रात में उसकी भतीजी मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए कमरे की ओर गई थी।
परिवार के मुताबिक, कमरे में पहुंचते ही युवती की नजर वहां फैले खून पर पड़ी। इसके बाद उसने घबराकर शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर घर में सो रहे अन्य लोग भी जाग गए और कमरे में पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर परिवार के लोग सकते में आ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, राठ क्षेत्राधिकारी समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके की जांच करते हुए जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए।
कुर्सी की रंजिश या नाली का विवाद? हमीरपुर में दो महिला अध्यक्षों के बीच सरेराह लात-घूंसों की बौछार
फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्या किस वजह से और किसने की, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

राठ क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी ने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।
Location : Hamirpur
Published : 11 September 2026, 10:35 AM IST