हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में 32 वर्षीय तराना खातून की मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में तराना ने अपनी मौत से पहले पति पर जबरन जहर देने और सास पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इसी वीडियो के सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
तराना के अंतिम संस्कार के दौरान मायके पक्ष के करीब 50 लोग ससुराल पहुंच गए और पति व सास की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार का विरोध किया। सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मृतका की मां जहरून निशा की तहरीर पर पति नाजिम अली उर्फ मन्नू और सास लालमुन्नी के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2) और 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मृतका की मां के अनुसार, तराना की शादी वर्ष 2010 में गोला नगर पंचायत के टीचर कॉलोनी निवासी नाजिम अली से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति और सास उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। पति के शराब के नशे में मारपीट करने और विवाद करने का भी आरोप लगाया गया है।
Banda News: मैरिज हॉल में ऐसा क्या हुआ? करंट ने पिता-पुत्र की एक साथ ले ली जान, जांच में जुटी पुलिस
तहरीर के अनुसार, 27 जून को कथित मारपीट और जहरीला पदार्थ दिए जाने के बाद तराना की तबीयत बिगड़ गई। पहले गोरखपुर, फिर आजमगढ़ और बाद में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चला। 17 जुलाई को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद 19 जुलाई को शव गोला लाया गया।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है। गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 24 July 2026, 10:53 AM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Uttar Pradesh News