हिंदी
गोरखपुर थाना एम्स की बड़ी कार्रवाई: मंगलसूत्र लूट कांड का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में,पढिए पूरी खबर
2 आरोपी गिरफ्तार
Gorakhpur News: गोरखपुर में महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देने वाली मंगलसूत्र लूट की वारदात का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। थाना एम्स क्षेत्र में 26 फरवरी 2026 को हुई इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी थी, जब बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई
जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थाना एम्स की टीम ने कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मुकदमे में आरोपियों को दबोचा।
ऐसे खुला पूरा मामला
पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। लगातार दबिश के बाद आखिरकार पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष चौरसिया पुत्र जनार्दन चौरसिया निवासी विशुनपुर राजा थाना गोला और पवन निषाद पुत्र रूचि निवासी चिल्वा थाना गोला जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी भी वारदात में शामिल था, जिसे पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
लाकेट और दो मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक पीली धातु का लाकेट और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, राजेश कुमार सिंह, सत्यम मिश्रा, आकाश शुक्ला, अभिषेक कुमार शाह और महिला उपनिरीक्षक प्रियंका यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।