कॉलेज से लौटी, कमरे में गई और हमेशा के लिए खामोश हो गई अर्पिता… गोरखपुर की इस घटना ने सबको झकझोर दिया

गोरखपुर के खजनी क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा अर्पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। कॉलेज से सामान्य तरीके से घर लौटने के कुछ ही देर बाद ऐसा क्या हुआ कि परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 3 August 2026, 5:04 PM IST

Gorakhpur: सोमवार की दोपहर खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रुद्रपुर में उस समय मातम छा गया, जब 17 वर्षीय छात्रा अर्पिता साहनी संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। कुछ ही घंटे पहले तक कॉलेज में पढ़ाई कर रही बेटी की अचानक मौत की खबर ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में इस दर्दनाक घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नाना के घर रहे रही थी अर्पिता

मूल रूप से तेतरिया सिंहोरवा निवासी शेषबंद की पुत्री अर्पिता पिछले लगभग पांच वर्षों से अपने नाना शेषनाथ साहनी के घर रुद्रपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसने हाईस्कूल की परीक्षा यहीं से उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उसके मामा हरेंद्र ने पास के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में उसका प्रवेश कराया था। परिजनों के अनुसार अर्पिता पढ़ाई में रुचि रखती थी और उसका भविष्य संवारने के लिए परिवार पूरी कोशिश कर रहा था।

ये भी पढ़ें- Gorakhpur: नींद की झपकी बनी काल? गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर तोड़कर अंडरपास में गिरी DCM चालक की मौत

स्कूल से आकर कमरे में चली गई

सोमवार को वह रोज की तरह कॉलेज से घर लौटी। परिजनों के अनुसार घर आने के कुछ ही देर बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी समय तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अर्पिता दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

ये भी पढ़ें- बिन मां के बच्चे से ऐसी क्या दुश्मनी… गोरखपुर में मौसा की दुकान पर जाते समय मासूम की हत्या, 15 साल का किशोर भी घायल

इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजन अभी तक यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी, जिसने हंसती-खेलती बेटी को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। दुख और सदमे के बीच परिवार किसी भी संभावित कारण पर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। वहीं गांव में दबे स्वर में प्रेम प्रसंग सहित कई तरह की चर्चाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन इनमें से किसी की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना पर पहुंची खजनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 August 2026, 4:59 PM IST