गोरखपुर में सड़क हादसे के बाद बवाल… हाईवे जाम के बाद पुलिस पर पथराव, 6 आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद हुए बवाल और पुलिस टीम पर पथराव मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे जब आक्रोशित भीड़ ने हाईवे जाम कर ईंट-पत्थर से हमला किया था।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 May 2026, 7:34 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में 11 मई को हुए एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। हाईवे पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ से शांति बनाए रखने और यातायात बहाल करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला

पुलिस के अनुसार, समझाने के दौरान कुछ लोगों ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। आरोप है कि भीड़ ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया। इस पथराव में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बाद में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

Muzaffarnagar News: मोदी की अपील के बाद सर्राफा बाजार के लोग बोले-डर में और बढ़ेगी खरीदारी

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को हालात नियंत्रित करने में अतिरिक्त बल की मदद लेनी पड़ी और भीड़ को हटाने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी।

6 आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलीपार थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी बांसगांव और थाना प्रभारी दिनेश गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य (गीडा), अर्जुन पासवान, आशीष कुमार, करन पासवान, कृष्णविजय (चनऊ उर्फ बेतउवा) और शिवम सिंह (महोब) शामिल हैं।

बलरामपुर: सड़कों पर पटाखा छोड़ने वाली बुलेट पर प्रशासन की कार्रवाई, दो वाहन सीज

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और सीएलए एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 May 2026, 7:34 PM IST