हिंदी
रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना (Img: Freepik)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक कलियुगी बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला निवासी ब्रह्मदेव कनौजिया रात में अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान भोर के 3:30 पर उनके पुत्र गोलू ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।अचानक हुए हमले में ब्रह्मदेव गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। शोर सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की तथा आरोपी गोलू को हिरासत में ले लिया। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिता-पुत्र के बीच पहले भी विवाद होने की चर्चाएं सामने आती रही हैं, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Gorakhpur: राप्ती नदी बनती जा रही ‘मौत का जाल’, फिर डूबे मासूम, मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि एक बेटा अपने ही पिता की इतनी बेरहमी से हत्या कर देगा।
गुलरिहा थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग इसे रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात बता रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 18 June 2026, 12:32 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur Murder Case UP Police