हिंदी
एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Azamgarh : उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या, डकैती और लूट जैसी संगीन वारदातों में शामिल तथा वर्ष 2016 में आजमगढ़ जिला कारागार से फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी प्रकाश उर्फ जयप्रकाश उर्फ फरगास मुसहर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसटीएफ ने आरोपी को 16 जून 2026 की रात करीब 10:40 बजे आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र स्थित समेदा-शाहगढ़ तिराहा मऊ रोड से गिरफ्तार किया। प्रकाश मुसहर गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के दुरखुशी गांव का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक प्रकाश वर्ष 2016 में अपने साथियों चंद्रशेखर और जितेंद्र के साथ आजमगढ़ जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था। तीनों बंदी जेल में खाना बनाने का काम करते थे और रक्षाबंधन के दिन कलछुल, चादर और गमछे की मदद से जेल से भाग निकले थे।
गोरखपुर : ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
एसटीएफ ने पहले चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर प्रकाश मुसहर तक पहुंची। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। प्रकाश मुसहर पर कई जघन्य अपराध दर्ज हैं।
वर्ष 2014 में आजमगढ़, बलिया और आसपास के इलाकों में हुई कई डकैती और हत्या की घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। आरोप है कि उसने अपने गैंग के साथ डॉक्टर दंपति की हत्या, मंदिर में पुजारी समेत तीन लोगों की हत्या और कई डकैती की वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी को सिधारी थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Azamgarh
Published : 17 June 2026, 9:35 PM IST
Topics : azamgarh news crime news UP STF