हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: शहर में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं के मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार ई-रिक्शा बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू पुत्र अनिल कुमार, निवासी गीडा सेक्टर-22, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर दो बाल अपचारियों की भी संलिप्तता सामने आई, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- ग्राहक बनकर आए, फिर कर गए बड़ा खेल… कन्नौज में सर्राफा दुकान से जेवर उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को थाना कैंट क्षेत्र से दो अलग-अलग ई-रिक्शा चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पहली घटना में अज्ञात चोर द्वारा एक व्यक्ति का ई-रिक्शा चोरी कर लिया गया, जबकि दूसरी घटना में एक महिला का ई-रिक्शा चोरी हुआ था। दोनों मामलों में थाना कैंट पर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार चोरी के ई-रिक्शा बरामद हुए। बरामदगी के बाद दोनों मुकदमों में चोरी की संपत्ति रखने एवं अन्य संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के इन वाहनों को कहां और किस माध्यम से बेचा जाना था और गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें- सबूत है तो सामने लाओ… विधायक की FB पोस्ट पर भड़की सपा, एसपी से जांच और कार्रवाई की मांग
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक नवीन कुमार राय, उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव, कांस्टेबल दिनेश यादव, अभिषेक यादव और शशि यादव शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 13 July 2026, 9:12 PM IST
Topics : crime news E Rickshaw Theft Gorakhpur News