फर्रुखाबाद में पुलिस को बड़ी सफलता: 25-25 हजार के दो इनामी चोर गिरफ्तार, डेढ़ लाख की इन्वर्टर-बैटरियां बरामद

फर्रुखाबाद में पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपये का चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 27 September 2026, 7:42 PM IST
google-preferred

Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपियों के कब्जे से इन्वर्टर, बैटरियां और नकदी समेत करीब 1.5 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है।

चोरी के मामले में वांछित चल रहे थे आरोपी

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिर उर्फ चूहा पुत्र लट्टर खां उर्फ लटूरी, निवासी इस्लामनगर, थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर और भूरे उर्फ बाटा पुत्र मेहंदी हसन, निवासी मस्जिद नगला, थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी शमसाबाद थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 114/2026 की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए थे। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) और 317(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

रातभर चीखती रही मां! फर्रुखाबाद में नाले के तेज बहाव में बहा 7 साल का मासूम सूर्यांश

इन्वर्टर-बैटरी और नकदी बरामद

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से एक माइक्रोटेक सोलर पीसीयू 2035/24V इन्वर्टर, एक लिवफास्ट मैक्सीमो 160Ah बैटरी, एक ल्यूमिनस शक्ति चार्ज 150Ah बैटरी, दो UTL 150Ah बैटरियां और एक माइक्रोटेक E1000 इन्वर्टर बरामद हुआ है। इसके अलावा एक बैटरी, एक अन्य बिना नाम की बैटरी और 2,530 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

कई मुकदमों में नाम होने का पुलिस का दावा

पुलिस प्रेस नोट में दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, भूरे उर्फ बाटा के खिलाफ शमसाबाद थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं साकिर उर्फ चूहा के खिलाफ शमसाबाद, मिर्जापुर, कांट, कमालगंज और मदनापुर समेत विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं।

पूछताछ में चोरी की बात कबूलने का दावा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी करने और चोरी किए गए सामान को बेचने की बात बताई। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव को रोशनी देने की कोशिश में छाया अंधेरा: फर्रुखाबाद में पेड़ से गिरा लाइनमैन नरेंद्र वर्मा, हालत गंभीर

अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ के निर्देशन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज यमुना प्रसाद के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई में शमसाबाद थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन सिंह चौधरी, उपनिरीक्षक हरीश कुमार, उपनिरीक्षक योगेश कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। इसके अलावा एसओजी/सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक संत कुमार और उनकी टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

Location :  Farrukhabad

Published :  27 September 2026, 7:42 PM IST

Related News

Advertisement