हिंदी
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। फतेहपुर-देवा मार्ग पर देवा क्षेत्र के सलारपुर गांव के पास पिकअप और ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के मालन पुरवा गांव निवासी राजकुमार उर्फ उस्मान (29) और इसी गांव के रामविलास (24) की मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस भीषण दुर्घटना में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
जितेंद्र (38) निवासी जगायपुर, थाना बड्डूपुर।
सोनी (35), पत्नी जितेंद्र।
प्रवेश (25) निवासी रामपुर, थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर।
रणधीर (35) निवासी अपना पुरवा, सीतापुर।
रिंकू यादव (27) निवासी सीतापुर।
मोइनुद्दीन (22) निवासी नई बस्ती कटरा, फतेहपुर, ऑटो चालक।
सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप और ऑटो के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में मदद की।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
देवा कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी वजह क्या रही, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Barabanki
Published : 22 November 2026, 5:09 PM IST
Topics : barabanki news barabanki road accident collision between a pickup truck and an auto rickshaw Road Accident Sitapur News