
डीआईजी के दरबार पहुंचा बुजुर्ग (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज में पुलिस से न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे एक बुजुर्ग को जब कथित तौर पर राहत नहीं मिली तो अब उन्हें बड़े अधिकारियों का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है। कोल्हुई थाना क्षेत्र के इलाहाबास गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग रामा का आरोप है कि उनके ही पट्टीदारों ने लाठी-डंडों और लात-मुक्कों से उनकी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पूरा मामला महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के इलाहाबास गांव का है। गांव निवासी बुजुर्ग रामा के मुताबिक, बीते 12 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे पुरानी रंजिश को लेकर उनके पट्टीदारों से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान पट्टीदारी के चार से पांच लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, लात और मुक्कों से उनकी पिटाई की।
बुजुर्ग रामा का आरोप है कि मारपीट की घटना के दिन ही वह कोल्हुई थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दी। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट में चोट लगने के बावजूद पुलिस ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण तक नहीं कराया।
थाने से राहत नहीं मिलने के बाद पीड़ित रामा ने 17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक महराजगंज के जनता दर्शन में पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने अधिकारियों को पूरी घटना बताई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि एसपी कार्यालय में शिकायत देने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पोर्टल पर स्टॉक जीरो, गोदाम में 3630 कुंतल धान; महराजगंज में मंडी टीम की छापेमारी से खुला बड़ा मामला
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए बुजुर्ग अब गोरखपुर जोन के डीआईजी के दरबार पहुंचे हैं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि वह मारपीट की घटना के बाद से लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद उनकी शिकायत पर सुनवाई होगी और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस मामले में कोल्हुई थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह का कहना है कि मामला जमीन से जुड़े विवाद का है। पुलिस की ओर से मामले को जमीन विवाद से संबंधित बताया जा रहा है, जबकि पीड़ित बुजुर्ग मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 23 November 2026, 3:55 PM IST