देवरिया में ये क्या हो रहा? बाइक हटाने को कहा तो भड़क गया विवाद, कुछ ही पल में सिर पर चल गया चाकू

देवरिया के सलेमपुर गांधी चौक पर बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। बाइक सवार के सिर पर कई वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 September 2026, 9:01 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया के सलेमपुर गांधी चौक पर शनिवार को बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर मारपीट में बदल गया। कुछ ही देर में मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना में बाइक सवार राकेश मिश्रा के सिर पर चाकू से कई वार किए जाने की बात सामने आई है। हमले के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बातचीत के दौरान शुरू हुई कहासुनी

जानकारी के मुताबिक, राकेश मिश्रा किसी काम से बाइक लेकर सलेमपुर गांधी चौक पहुंचे थे। इस दौरान वह एक व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच पास में ठेला लगाए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बाइक हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

ये भी पढ़ें- 5600 करोड़ के साइबर फ्रॉड का नेटवर्क! कानपुर के खातों से जुड़ीं 86 शिकायतें, दो आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में विवाद सामान्य कहासुनी तक ही था, लेकिन कुछ ही समय में दोनों के बीच मामला बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान ठेला चालक ने चाकू निकाल लिया और राकेश मिश्रा के सिर पर कई वार कर दिए।

सिर से बहने लगा खून, अस्पताल में भर्ती

चाकू लगने के बाद राकेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना के बाद गांधी चौक पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी और दहशत देखी गई।

ये भी पढ़ें- मिर्जापुर के सौरभ यादव की बड़ी कामयाबी, UPSSSC जूनियर असिस्टेंट परीक्षा में हुआ चयन

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक सलेमपुर विनोद सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ठेला चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गांधी चौक पर तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने पर भी नजर रखी जा रही है। 

Location :  Deoria

Published :  12 September 2026, 9:01 PM IST

Advertisement