देवरिया के बैंक में हंगामा करता रहा युवक, वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

देवरिया में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अंदर युवक के हंगामे और कथित तोड़फोड़ का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। बैंक कर्मियों ने पुलिस की कार्रवाई और तहरीर को लेकर सवाल उठाए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 September 2026, 5:01 PM IST

Deoria: जिले के देसही ब्लॉक क्षेत्र में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में एक युवक द्वारा कथित तौर पर हंगामा और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवा मीर छापर चौराहे पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

बैंक परिसर में हंगामे का वीडियो वायरल

बताया जा रहा है कि युवक बैंक परिसर में पहुंचा और वहां हंगामा करने के साथ तोड़फोड़ करने लगा। घटना के दौरान बने वीडियो में युवक की हरकतें सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया।

घटना को लेकर आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद युवक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चा होती रही।

बैंक कर्मियों ने तहरीर को लेकर लगाया आरोप

मामले में बैंक कर्मचारियों की ओर से भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। बैंक कर्मियों का आरोप है कि वे घटना की तहरीर लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत तत्काल दर्ज नहीं की गई। कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें बाद में आने की बात कहकर वापस कर दिया गया। इसके बाद बैंक में हुई तोड़फोड़ और पुलिस की कार्रवाई को लेकर मामला और चर्चा में आ गया।

ये भी पढ़ें- बिस्कुट लेने निकली थी मासूम, रास्ते में अचानक भरभराकर गिरी दीवार; पांच साल की बच्ची की चली गई जान

पुलिस ने युवक को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया

मामले में सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने युवक की पहचान मोहम्मद आरिफ पुत्र हसनैन, निवासी शामपुर, थाना रामपुर कारखाना के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सकुशल उसके घर पहुंचा दिया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल बैंक की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें- देवरिया में राप्ती-गोर्रा का रौद्र रूप! बढ़ते जलस्तर से दर्जनों गांवों पर बाढ़ का खतरा, खेतों में घुसा पानी

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, बैंक की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अब सवाल यह है कि बैंक की ओर से शिकायत कब दी जाती है और उसके बाद पुलिस किस तरह की कार्रवाई करती है।

फिलहाल बैंक में हुई कथित तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है। पुलिस की ओर से युवक की मानसिक स्थिति को लेकर दी गई जानकारी के बाद मामले का एक दूसरा पहलू भी सामने आया है।

Location :  Deoria

Published :  6 September 2026, 5:01 PM IST