
गिरफ्तार कमलेश पारेख (Img: Google)
New Delhi : क्राइम की दुनिया से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां सीबीआई ने 2672 करोड़ के बहुचर्चित बैंक फ्रॉड केस में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी कमलेश पारेख को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहा। जिसमें आरोपी कई सालों तक कानून की पकड़ से बाहर रहा, लेकिन आखिरकार एजेंसियों की सटीक रणनीति ने उसे दबोच लिया।
यह मामला साल 2016 में दर्ज हुआ था। जब कोलकाता स्थित श्री गणेश ज्वैलरी हाउस (I) लिमिटेड और अन्य के खिलाफ 25 बैंकों के एक कंसोर्टियम को करीब 2672 करोड़ की कथित ठगी का शिकार बनाने का आरोप लगा था। सीबीआई की जांच में सामने आया कि इस घोटाले में कई स्तरों पर फर्जीवाड़ा किया गया और कंपनी के प्रमोटर कमलेश पारेख को मुख्य आरोपी माना गया।जिनके खिलाफ 31.12.2022 को चार्जशीट भी दाखिल की गई थी।
जांच के दौरान आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। जिसके चलते उसके खिलाफ 2019 में ओपन एंडेड एनबीडब्ल्यू जारी किया गया और 2024 में इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) भी जारी हुआ। इसी नोटिस के आधार पर यूएई की एजेंसियों ने आरोपी को हिरासत में लिया और लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया। जिसके बाद सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई के अफसर ने बताया कि आरोपी को न्यू दिल्ली की सक्षम अदालत में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया जाएगा और इसके बाद उसे आगे की कार्यवाही के लिए कोलकाता ले जाया जाएगा। इस पूरे मामले को देश के सबसे बड़े बैंकिंग फ्रॉड केसों में से एक माना जा रहा है। जिसमें कई बैंकों को भारी वित्तीय नुकसान हुआ था और जांच एजेंसियों ने इसे लंबे समय तक ट्रैक किया। जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी जांच की गई और आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई है।
Location : New Delhi
Published : 2 May 2026, 12:59 PM IST
Topics : bank fraud CBI crime news Financial Fraud Kolkata News