Crime News: पहले साथ निभाने का वादा, फिर बेवफाई… बुलंदशहर में खौफनाक कहानी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सिर कटी महिला की लाश मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। तीन बेटियों की मां बबली की हत्या उसके प्रेमी ने भाई और दोस्त के साथ मिलकर की। महिला शादी और पैसों को लेकर दबाव बना रही थी। शव की पहचान हाथ पर बने टैटू से हो सकी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 March 2026, 4:46 PM IST

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में 15 मार्च को घुंघरावली-फरीदाबांगर के जंगल में मिली सिर कटी महिला की लाश ने पूरे इलाके को हिला दिया था। करीब 35 वर्षीय महिला का शव जंगल में पड़ा मिला, जबकि उसका सिर काफी देर बाद तलाशा जा सका। इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान थी। जांच के दौरान महिला के सीधे बाजू पर गुदे नाम वाले टैटू ने पुलिस को अहम सुराग दिया। इसी टैटू के आधार पर शव की पहचान बबली के रूप में हुई।

पुलिस जांच में सामने आया कि बबली कल्याणपुर की रहने वाली थी और पिछले करीब तीन साल से अपने प्रेमी विकास के साथ मुरादनगर में रह रही थी। बबली के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह तीन बेटियों की मां थी, जिनमें सबसे छोटी सात साल, दूसरी 10 साल और बड़ी बेटी 16 साल की बताई गई है। तीनों बेटियां अपनी दादी के साथ रह रही थीं। परिवार से अलग रहने की वजह से बबली की जिंदगी और उसके रिश्तों की जानकारी परिजनों को भी पूरी तरह नहीं थी।

प्रेम संबंध, दूसरी शादी और फिर हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, बबली का प्रेम संबंध क्षेत्र के गांव सुलैला निवासी विकास पुत्र रोहतास से था। दोनों मुरादनगर में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। इसी बीच विकास ने 12 दिसंबर को परिवार की मर्जी से दूसरी जगह शादी कर ली, लेकिन इस बात की जानकारी उसने बबली को नहीं दी। जब बबली को विकास की शादी का पता चला तो उसने उस पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया।

Fatehgarh Sahib Case मामले में पूर्व मंत्री Laljit Singh Bhullar गिरफ्तार, क्या अब खुलेगा पूरा सच?

बताया जा रहा है कि बबली अपनी कमाई भी विकास पर खर्च करती रही थी। यहां तक कि उसने कर्ज लेकर भी उसकी मदद की थी। शादी के बाद बबली ने विकास से अपने पैसे लौटाने और रिश्ते को नाम देने की बात कही। साथ ही उसने विकास के परिवार को पूरे संबंध की जानकारी देने की चेतावनी भी दी। यही बात विकास को नागवार गुजरी और उसने अपनी प्रेमिका की हत्या की साजिश रच डाली।

14 मार्च की शाम विकास बबली को परिवार के एक कार्यक्रम में शामिल कराने के बहाने बुलंदशहर ले आया। ब्रजघाट बस स्टैंड पर उसका भाई सचिन और दोस्त अमन बाइक लेकर पहुंचे। चारों एक ही बाइक से घुंघरावली रजवाहे के पास जंगल की तरफ गए। वहीं बैठकर पहले शराब पी गई और फिर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

एक वार में अलग कर दिया सिर

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब पीने के दौरान बबली को अनहोनी की आशंका हो गई थी। उसने विरोध भी किया और बाद में जान बख्श देने की गुहार लगाई। लेकिन विकास, उसका भाई सचिन और दोस्त अमन पहले ही हत्या का मन बना चुके थे। तीनों ने मिलकर बबली को काबू में किया। आरोप है कि विकास ने उसका गला रेतना शुरू किया, जबकि वह जिंदगी की भीख मांगती रही। इसी दौरान सचिन ने गोश्त काटने वाली चापड़ से एक ही वार में उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।

Dehradun: देशभक्ति के नारों से गूंजा उत्तराखंड, महान क्रांतिकारियों के बलिदानों को फिर किया गया याद

हत्या के बाद आरोपी सिर को बाइक पर दूर तक ले गए और फिर जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास और उसके दोस्त अमन को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक-एक 315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हत्या में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया गया है, जबकि विकास का भाई सचिन अभी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि अगर मौके पर मौजूद कुत्ते पहले से पास पड़े नीलगाय के शव को न खा रहे होते, तो संभव था कि बबली का शव बुरी तरह नोच लिया जाता और पहचान करना बेहद मुश्किल हो जाता। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Location : 
  • Bulandshahr

Published : 
  • 23 March 2026, 4:46 PM IST