हिंदी
बदायूं में तेज रफ्तार का कहर (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नगर स्थित लल्ला धर्म कांटा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
टक्कर के बाद एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। सड़क पर पड़े युवकों को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना वजीरगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया। घायल का इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Budaun: शाम होते ही जाम के हवाले बदायूं, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल
वजीरगंज थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल मृतक और घायल युवक की पहचान कराने का प्रयास जारी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 14 September 2026, 12:35 PM IST