खाकी का डर दिखाकर करते थे लूट, बदायूं में नकली पुलिस गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार

बदायूं के दातागंज में नकली पुलिस बनकर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा हुआ मोबाइल, नकदी और वैगनआर कार बरामद की। मामले में डकैती की धारा बढ़ाकर फरार साथियों की तलाश जारी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 20 August 2026, 3:43 PM IST

Budaun: बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास वाहन रोककर गाड़ी सीज कराने के नाम पर डरा-धमकाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दातागंज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, 10,200 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार भी बरामद की है।

क्या था पूरा मामला

पीड़ित नेत्रपाल पुत्र किशनपाल निवासी कस्बा म्याऊ, थाना अलापुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 19 अगस्त 2026 की शाम वह दातागंज क्षेत्र से गुजर रहा था। ग्राम डहरपुर टोल प्लाजा के पास बाइक सवार 4 अज्ञात युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवा ली। 

ये भी पढ़ें - Budaun: अरिल नदी में युवकों की मस्ती मातम में बदली, घंटों बाद मिली दिल दहला देने वाली खबर

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर नेत्रपाल को डराया और कहा कि "गाड़ी के कागज पूरे नहीं हैं, अभी सीज करवा देंगे"। इसके बाद 50 हजार रुपये की मांग की। डरे हुए नेत्रपाल से आरोपियों ने जबरन 19,200 रुपये नकद, 800 रुपये ऑनलाइन यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करा लिए और साथ ही उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और फरार हो गए। 

पुलिस ने ऐसे दबोचा

घटना के अनावरण के लिए एसपी नगर के पर्यवेक्षण और सीओ दातागंज के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार 20 अगस्त 2026 को बसेला तिराहे पर चेकिंग के दौरान 2 संदिग्धों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिओम मथुरिया पुत्र रामसरन निवासी नाहर खां मोहल्ला, थाना कोतवाली बदायूं और यश जोशी पुत्र सुभाष चंद्र जोशी निवासी जोशी मोहल्ला, चौधरी सराय, थाना कोतवाली बदायूं के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, 10,200 रुपये नकद और सफेद रंग की वैगनआर कार बरामद की।

ये भी पढ़ें - Budaun: कांवड़ मेले में अवैध वसूली का पर्दाफाश, पूर्व चेयरमैन और उनकी पत्नी पर आरोप

फरार आरोपियों की तलाश जारी

बरामदगी के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बदलाव करते हुए धारा 309(6) बीएनएस हटाकर गंभीर धारा 310(2) बीएनएस यानी डकैती की धारा बढ़ा दी है। पुलिस अब गिरोह के फरार दो अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह टोल प्लाजा और सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Location :  Budaun

Published :  20 August 2026, 3:23 PM IST