हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Internet)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बारादरी पुलिस ने खुद को अधिकारी बताकर लोगों से पैसे ऐंठने वाली दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विप्रा मिश्रा खुद को गजरौला में तैनात एडीएम एफआर बताती थी। वह लोगों को यह विश्वास दिलाती थी कि उसकी पहुंच उच्च अधिकारियों तक है। उसकी बहन शिखा भी इस पूरे खेल में शामिल थी और दोनों मिलकर ठगी का नेटवर्क चला रही थीं।
आरोपी बहनें बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देती थीं। वे खुद को कभी सचिवालय से जुड़ा तो कभी आईएएस या एसडीएम बताकर लोगों पर प्रभाव जमाती थीं। उनकी बातों में आकर कई युवक अपनी मेहनत की कमाई उनके हवाले कर देते थे।
किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर निवासी मुसाहिद ने पुलिस को बताया कि विप्रा मिश्रा ने उन्हें कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का वादा किया था। इसके बदले उसने अलग-अलग किस्तों में उनसे करीब 5 लाख 21 हजार रुपये वसूल लिए। जब नौकरी नहीं मिली और बहाने शुरू हुए, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
Bareilly: शाम को जानी थी बरात सुबह मिली लाश, परिवार बोला- ये आत्महत्या नहीं हत्या!
पीड़ितों की शिकायत पर बारादरी थाना पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें लंबे समय से इस तरह की ठगी कर रही थीं। वे अपनी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को डराती-धमकाती भी थीं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी रकम ठगी।
Bareilly Police पर दाग! शादी का झांसा, रिश्वत और अश्लील कॉल फिर आरोपी को छोड़ा? मचा बवाल
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले उसकी पहचान की जांच जरूर करें।
Location : Bareilly
Published : 28 April 2026, 2:30 PM IST
Topics : bareilly news crime news Fake Officer Job Scam UP News