जब रेलवे स्टेशन पर गहरी नींद में थे यात्री, तभी पीछे से हो गया खेल, जानिए बलरामपुर में पकड़े गए शातिर चोर की पूरी कहानी

बलरामपुर में रेलवे स्टेशन पर रात के समय यात्रियों की नजरों से बचकर वारदात करने वाला एक शातिर चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के पांच एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए हैं।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 25 September 2026, 7:18 PM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर के थाना महराजगंज तराई पुलिस ने कौवापुर रेलवे स्टेशन के पास से एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के 5 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी स्टेशनों पर सो रहे यात्रियों के फोन चुराता था। हाल ही में स्टेशन पर सोए एक यात्री का मोबाइल चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी बांकेलाल वर्मा को दबोचा। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।

स्टेशन पर सो रहे यात्री का मोबाइल हुआ चोरी

महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के कौवापुर रेलवे स्टेशन पर निरंजनडीह निवासी अश्वनी कुमार ट्रेन पकड़ने पहुंचे थे। ट्रेन आने में देरी होने के कारण वह स्टेशन पर ही सो गए। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनका रियलमी मोबाइल फोन चोरी कर लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।

ये भी पढ़ें: Balrampur Crime: गांजा सप्लाई करने जा रहा था युवक, पुलिस ने आधा किलो से ज्यादा मादक पदार्थ के साथ दबोचा

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

जिले में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी का सामान बरामद करने के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम सक्रिय थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कौवापुर रेलवे स्टेशन के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। उसके पास कई मोबाइल फोन होने की भी जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पांच मोबाइल फोन बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बांकेलाल वर्मा उर्फ शनी वर्मा उर्फ राजू, निवासी टेढ़ी बाजार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से ओप्पो, वीवो, रेडमी और रियलमी समेत कुल पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में इनमें से एक मोबाइल अश्वनी कुमार का पाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बाकी चार मोबाइल फोन भी अलग-अलग जगहों से चोरी करने की बात स्वीकार की है।

ये भी पढ़ें: Balrampur: महिला की शिकायत पर देरी पड़ गई भारी, गैंसड़ी थाने के उपनिरीक्षक निलंबित

ट्रेनों में सो रहे यात्रियों को बनाता था निशाना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सो रहे यात्रियों की रेकी करता था। मौका मिलते ही वह यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात भी सामने आई है। उसके खिलाफ अन्य थानों में चोरी और जालसाजी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया है।

Location :  Balrampur

Published :  25 September 2026, 7:18 PM IST