हिंदी
दरवाजा तोड़ा तो सामने था दर्दनाक मंजर (Source: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के मुसाझाग थाना क्षेत्र स्थित सैंजनी गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने ही घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक रवि कुमार (32) पुत्र छोटे लाल सुबह से अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। रवि फंदे से लटका हुआ था।
परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल मुसाझाग थाना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रवि कुमार मूल रूप से बदायूं जिले के सहसवान कस्बे के बजरिया मोहल्ले का रहने वाला था, लेकिन बचपन से ही सैंजनी गांव में रह रहा था। वह HPCL प्लांट में हाउसकीपर के पद पर कार्यरत था और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था।
परिजनों के अनुसार रवि अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। परिवार का पूरा खर्च उसकी नौकरी से चलता था। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चाचा ने बताया कि रवि शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वह नियमित रूप से काम पर जाता था और समय से घर लौट आता था। परिवार को इस बात का कोई अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
मृतक के ममेरे भाई अमित कुमार ने भी बताया कि रवि किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करता था और सामान्य जीवन जी रहा था। आखिर उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, यह परिवार के लिए भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Badaun
Published : 13 July 2026, 3:17 PM IST
Topics : Badaun News HPCL Employee Uttar Pradesh Crime