
पिता के अंतिम संस्कार से पहले बेटों में विवाद (Img: AI Generated Image)
Amroha: अमरोहा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों और पारिवारिक मूल्यों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नौगावां सादात कस्बे में एक बुजुर्ग की मौत के बाद जहां परिवार को उन्हें अंतिम विदाई देने की तैयारी करनी थी, वहीं चारों बेटे पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि अंतिम संस्कार रोकना पड़ा और बुजुर्ग का शव पूरी रात घर में ही रखा रहा। आखिरकार अगले दिन पंचायत के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और अंतिम संस्कार कराया जा सका।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग लंबे समय से बीमार थे और रविवार दोपहर उनका निधन हो गया। उनकी पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका था। परिवार में चार बेटे हैं, जो कस्बे में बने एक छोटे पैतृक मकान में अलग-अलग हिस्सों में रह रहे थे।मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदार और आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। घर में अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं और तिगरी गंगा घाट ले जाने की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान मकान के स्वामित्व और बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक बेटे ने पूरे मकान पर अपना अधिकार जताते हुए पुलिस को बुला लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी अपनी बात से पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ। विवाद बढ़ने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई। रिश्तेदार भी मायूस होकर लौटने लगे और बुजुर्ग का शव पूरी रात घर में ही रखा रहा। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।
सोमवार सुबह भी जब विवाद खत्म नहीं हुआ तो मोहल्ले के लोगों और जिम्मेदार नागरिकों ने पहल की। इसके बाद पंचायत बुलाई गई, जिसमें सभी पक्षों की बात सुनी गई। पंचायत ने फैसला दिया कि सबसे पहले दिवंगत बुजुर्ग का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाए। मकान के बंटवारे का विवाद बाद में आपसी सहमति या कानूनी प्रक्रिया के जरिए सुलझाया जाएगा। पंचायत के इस निर्णय पर सभी भाई सहमत हो गए।
ये भी पढ़ें- खजनी में मातम के बीच बड़ा हादसा: दादी के दशगात्र संस्कार में पहुंचा युवक नदी में डूबा, SDRF की खोज जारी
पंचायत का फैसला मानने के बाद सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बुजुर्ग की अर्थी घर से उठी और तिगरी गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि पिता की मौत के तुरंत बाद संपत्ति को लेकर बेटों के बीच हुए विवाद ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। इस मामले को लेकर जब अधिकारियों से जानकारी ली गई तो सीओ अवधभान भदौरिया ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं है।
Location : Amroha
Published : 21 July 2026, 5:32 PM IST
Topics : Amroha News family dispute property dispute UP News