बेखौफ बदमाशों का तांडव: पुलिस चौकी से 50 कदम दूर गोलियों की तड़तड़ाहट, सुबह सब्जी लेने निकले Zomato डिलीवरी बॉय का कत्ल

अमृतसर में पुलिस चौकी से महज 50 कदम दूर जोमैटो डिलीवरी बॉय साहिल गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह सब्जी लेने निकले साहिल पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। जानिए इस खौफनाक वारदात का पूरा सच।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 18 September 2026, 9:01 AM IST
google-preferred

Amritsar: पंजाब के अमृतसर में कोट खालसा इलाके की सुबह आम दिनों की तरह शांत थी, लेकिन 18 सितंबर की सुबह अचानक गोलियों की आवाज़ से पूरा इलाका थर्रा उठा। जोमैटो (Zomato) में डिलीवरी पार्टनर के रूप में काम करने वाला 25 वर्षीय साहिल गिल घर से सब्जी खरीदने निकला था।

घर से महज 40 कदम की दूरी पर एक्टिवा सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और बिना कुछ कहे उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और कुछ ही पलों में खुशहाल माहौल चीख-पुकार में बदल गया।

पुलिस चौकी से महज 50 कदम दूर दुस्साहस

इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जहां साहिल को गोली मारी गई, वह जगह स्थानीय कोट खालसा पुलिस चौकी से सिर्फ 50 कदम दूर थी। अपराधियों के मन में खाकी का रत्ती भर भी खौफ नहीं था।

सीने में गोली लगने से लहुलूहान पड़े साहिल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस चौकी की इतनी नजदीकी के बावजूद सरेआम हुई इस हत्या ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिना किसी दुश्मनी के बुझ गया घर का चिराग

मृतक साहिल के पिता मुख्तियार सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश या पुराना विवाद नहीं था। वह तो अपनी मेहनत की कमाई से परिवार का पेट पाल रहा था। बिना किसी कसूर के साहिल को मौत के घाट उतारे जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके के लोग स्तब्ध हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच में जुटे आला अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (SHO) और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) समेत तमाम पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश और लूटपाट की नीयत समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Location :  Amritsar

Published :  18 September 2026, 9:01 AM IST

Related News

Advertisement