Aligarh News: घर के बाहर कार खड़ी करते ही ताबड़तोड़ फायरिंग, प्रॉपर्टी डीलर को लगी गोली; नोएडा रेफर

अलीगढ़ के जलालपुर में घर के बाहर कार खड़ी कर रहे प्रॉपर्टी डीलर सत्येंद्र उर्फ शिवा पर तीन हमलावरों ने करीब सात राउंड फायरिंग की। एक गोली कमर के पास लगी और उन्हें गंभीर हालत में नोएडा रेफर किया गया। घटना CCTV में कैद है और पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 September 2026, 3:45 PM IST
google-preferred

Aligarh: रोरावर थाना क्षेत्र के जलालपुर मोहल्ले में मंगलवार देर रात प्रॉपर्टी डीलर सत्येंद्र उर्फ शिवा पर तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली कमर के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से नोएडा के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कार खड़ी कर रहे थे, तभी चली गोलियां

जानकारी के मुताबिक, सत्येंद्र उर्फ शिवा मंगलवार रात घर के बाहर अपनी कार पार्क कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग की पूरी घटना घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। सत्येंद्र के रिश्तेदार विशाल ने बताया कि फुटेज में तीन संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने घटना को अंजाम दिया।

एक गोली कमर में लगी, नोएडा रेफर

फायरिंग में घायल सत्येंद्र को परिजन और आसपास के लोग तत्काल रामघाट रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगे रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

जेएन मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान बताया गया कि गोली रीढ़ की हड्डी के पास फंसी हुई है और उसे निकालने के लिए आवश्यक प्रक्रिया वहां संभव नहीं हो पा रही थी। इसके बाद डॉक्टरों ने घायल को नोएडा के अस्पताल रेफर कर दिया।

पेट्रोल पंप संचालक के रिश्तेदार हैं सत्येंद्र

सत्येंद्र उर्फ शिवा के रिश्तेदार विशाल का ल्हौसरा में पेट्रोल पंप है। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बताया गया कि एसएसपी नीरज जादौन भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली।

ताजमहल पर विदेशी महिला को घूर रहे लड़कों पर भड़का फोटोग्राफर: कैमरे के सामने सिखाया ऐसा सबक, वीडियो वायरल

पुराने मुकदमे का भी सामने आया जिक्र

पुलिस की जांच के बीच सत्येंद्र के खिलाफ करीब साढ़े तीन महीने पहले छेड़खानी से जुड़ा एक मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है। उस मामले में उन्हें जमानत करानी पड़ी थी। हालांकि, मौजूदा फायरिंग की घटना का उस पुराने मामले से क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

CCTV और दूसरे साक्ष्यों से हमलावरों की तलाश

सीओ संजीव कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि सत्येंद्र पर हमला क्यों किया गया और वारदात के पीछे कौन लोग थे। सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों से जल्द ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Location :  Aligarh

Published :  23 September 2026, 3:45 PM IST

Related News

Advertisement