मारपीट का ऐसा अंजाम कि कान का पर्दा फट गया… आखिर आगरा में हुआ क्या था?

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उप स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर से मारपीट मामले में नया मोड़ आया है। मेडिकल रिपोर्ट में उनके बाएं कान का पर्दा फटने की पुष्टि हुई है। रेलवे की तीन सदस्यीय समिति ने जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और बयानों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 July 2026, 2:17 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उप स्टेशन अधीक्षक (DSS) नरेंद्र सिंह चाहर के साथ कथित मारपीट के मामले में नया खुलासा हुआ है। जिला अस्पताल में हुई मेडिकल जांच में उनके बाएं कान का पर्दा फटने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. अतुल जैन की रिपोर्ट के अनुसार, नरेंद्र सिंह चाहर के बाएं कान में टायम्पेनिक मेम्ब्रेन लेसरेशन पाया गया है। रिपोर्ट में कान में सूजन, रक्तस्राव और किसी कठोर व कुंद वस्तु से चोट लगने का उल्लेख किया गया है। डॉक्टरों ने सुनने की क्षमता प्रभावित होने के संकेत भी बताए हैं।

रेलवे समिति ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति ने सोमवार को जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दौरान स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी, अधीक्षक प्रवेंद्र प्रकाश, उप स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर समेत कई लोगों के बयान दर्ज किए गए।

जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी। इसके अलावा DVR को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए मोबाइल वीडियो क्लिप की भी जांच की जा रही है।

“मुझे इंसाफ चाहिए, वरना मैं मर जाऊंगी… आखिर रोते-रोते अपने ही पति से ऐसा क्यों कहा?”

क्या था पूरा मामला?

घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। अमृतसर से विशाखापत्तनम जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची थी। इसी दौरान एक महिला यात्री पेठा खरीदने के लिए ट्रेन से उतर गईं। खरीदारी में देरी के कारण ट्रेन चलने लगी।

महिला को दौड़कर ट्रेन पकड़ने से रोकने और सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन उप अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर ने गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी। आरोप है कि RPF जवानों ने इसे चेन पुलिंग समझकर महिला यात्री और उसके साथी को पकड़ लिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और DSS के साथ मारपीट की गई।

50 हजार रुपये उड़ाए और जाते-जाते ले गए सबसे बड़ा सबूत! चोरों की चालाकी से पुलिस भी हैरान

चार RPF कर्मी निलंबित, कार्रवाई जारी

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने दो ASI समेत चार RPF कर्मियों को निलंबित कर दिया। जीआरपी ने भी संबंधित कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

वहीं सांसद राजकुमार चाहर ने रेलवे अधिकारियों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से संस्था की छवि प्रभावित होती है।

फिलहाल जांच समिति सभी साक्ष्यों और बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे क्या कार्रवाई होती है।

Location :  Agra

Published :  14 July 2026, 2:17 PM IST

Related News

Advertisement