कमरे में मिला एक कागज… और खुल गया कत्ल का राज, जिस पर सबसे ज्यादा भरोसा किया वही निकला कातिल

मुरादाबाद की कारोबारी की बेटी अदिला की गुमशुदगी का मामला सनसनीखेज हत्याकांड निकला। कमरे में मिले निकाहनामे और शादी के दस्तावेजों से पुलिस आरोपी पति तक पहुंची। आरोप है कि पति ने गोली मारकर हत्या की और शव को नहर में फेंक दिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 July 2026, 6:42 PM IST
google-preferred

Moradabad: मुरादाबाद में कारोबारी की बेटी अदिला के लापता होने का मामला आखिरकार एक सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। शुरुआत में इसे सामान्य गुमशुदगी माना गया, लेकिन कमरे में मिले निकाहनामे, शादी की रसीद और दुल्हन के जोड़े ने जांच की दिशा ही बदल दी। पुलिस का दावा है कि अदिला की हत्या उसके पति गुलफाम अली ने की और पहचान छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया।

कमरे में मिला निकाहनामा बना सबसे बड़ा सुराग

कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली अदिला हैदराबाद में एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी। जून के अंतिम सप्ताह में वह परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान कमरे से अजमेर शरीफ का निकाहनामा, शादी की रसीद और दुल्हन का जोड़ा मिला। तब पता चला कि अदिला ने परिवार से छिपाकर देवापुर निवासी गुलफाम अली से निकाह किया था।

भरोसा ही बना मौत की वजह

पुलिस के अनुसार, अदिला अपने पति पर पूरी तरह भरोसा करती थी। उसने नोएडा में उसके लिए किराये का फ्लैट लिया और कार भी उपलब्ध कराई थी। लेकिन पुलिस का आरोप है कि गुलफाम पहले से उसकी हत्या की योजना बना चुका था।

रास्ते में मारी गोली, फिर पूरी रात घूमता रहा शव के साथ

जांच में सामने आया कि 29 जून को अदिला दिल्ली एयरपोर्ट से लौटकर जोया पहुंची, जहां गुलफाम उसे लेने आया। रास्ते में दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गूलर टोल प्लाजा के पास गुलफाम ने तमंचे से अदिला की कनपटी पर गोली मार दी। मौत के बाद वह पूरी रात कार में शव लेकर घूमता रहा और बाद में रुड़की की नहर में फेंक दिया।

एक वीडियो कॉल ने बदल दी क्रिकेटर की जिंदगी! युवा खिलाड़ी को हनीट्रैप में फंसाकर मांगी गई लाखों की रंगदारी

जेल जाकर बचना चाहता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शक से बचने के लिए गुलफाम रामपुर के एक पुराने मामले में अदालत में सरेंडर कर जेल चला गया। हालांकि पुलिस ने कोर्ट से अनुमति लेकर उसे रिमांड पर लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली।

अगर शादी नहीं हुई तो… सुबह-सुबह हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई युवती, 5 घंटे तक थमी रहीं सबकी सांसें

पहले नहीं हो सकी थी पहचान

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 4 जुलाई को रुड़की पुलिस को नहर से एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पहचान न होने पर नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में मुरादाबाद पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि वह शव अदिला का ही था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Location :  Moradabad

Published :  23 July 2026, 6:42 PM IST

Related News

Advertisement