
गोला पुलिस ने दबोचा आरोपी (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर अपना नाम और पता बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और दूसरे व्यक्ति के नाम पर पासपोर्ट बनवा लिया। इसके बाद वह इसी पासपोर्ट के आधार पर विदेश चला गया और वर्ष 2016 से 2019 के बीच बैंकॉक, थाईलैंड में रहा।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार शाम बेलघाट थाना क्षेत्र के कुरी बाजार से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजय कुमार (31) पुत्र रामाश्रय कसौधन, निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना गोला के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रविवार को न्यायालय में पेश किया।
गोला थाने के प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पांडेय के अनुसार, अजय कुमार के खिलाफ वर्ष 2022 में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादवि और 12 पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अजय कुमार ने अपनी पहचान और पता बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए। इसके बाद उसने मोहन कुमार पुत्र रामासरे, माता मुन्नी देवी, निवासी घोरखल बनियाबारी, थाना खलीलाबाद, संतकबीरनगर के नाम से पासपोर्ट संख्या V0306907 बनवाया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी फर्जी पहचान से तैयार किए गए पासपोर्ट के आधार पर थाईलैंड के बैंकॉक में रहा। बताया गया है कि वह वर्ष 2016 से 2019 के बीच बैंकॉक में था। इसके बाद वह भारत वापस आया, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी की चाची सुमन देवी पत्नी महेंद्र कुमार, निवासी गोपालपुर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। शिकायत में अजय कुमार पर पहचान बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और दूसरे व्यक्ति के नाम से पासपोर्ट बनवाने के आरोप लगाए गए थे।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी बेलघाट थाना क्षेत्र के कुरी बाजार में मौजूद है। सूचना मिलते ही गोला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
Location : Gorakhpur
Published : 20 September 2026, 6:56 PM IST