हिंदी
चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
Dhanbad: रंग और खुशियों के त्योहार होली के बीच धनबाद में उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब जश्न के बीच अचानक गोलियां चलने लगीं। मामला धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड का है। जहां होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक की नौबत आ गई। इस घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में कई लोग एक साथ होली का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य झगड़ा समझकर शांत कराने की कोशिश की लेकिन कुछ ही देर में मामला बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अचानक फायरिंग की घटना हो गई।
फायरिंग में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को संभाला और उन्हें इलाज के लिए सरायढेला स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल विष्णु कुमार के फर्द बयान के आधार पर धनसार थाना में दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी आवेदन दिया गया। जिसके आधार पर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत छापेमारी अभियान चलाया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर उर्फ मांझी, कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा और आतिश शर्मा शामिल हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान विकास लाला उर्फ विकास वर्मा ने देसी पिस्टल से फायरिंग की थी। जिससे विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि होली के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Dhanbad
Published : 6 March 2026, 7:22 PM IST
Topics : Dhanbad Dhanbad crime Dhanbad News Dhanbad Police
No related posts found.