बंद मकानों की रेकी, फिर ताला तोड़कर चोरी, मीरजापुर में 5 शातिर चोर गिरफ्तार; 7 लाख का माल बरामद

मीरजापुर की चुनार पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण और एक लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी पहले बंद मकानों की रेकी करते थे, फिर ताला तोड़कर आभूषण और सामान चोरी करते थे।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 11 September 2026, 6:35 PM IST

Mirzapur: जिले में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में चुनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले बंद मकानों की रेकी करते थे और फिर मौका देखकर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

दो चोरी के मुकदमों से जुड़े हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी थाना चुनार में दर्ज दो मुकदमों से संबंधित चोरी की घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 303/2026 में धारा 305(a), 331(3), 317(2) बीएनएस और मुकदमा अपराध संख्या 362/2026 में धारा 305(A), 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

Mirzapur News: टक्कर इतनी तेज़ कि दहल उठा हाईवे! चीख-पुकार के बीच कार लेकर रफूचक्कर हुआ चालक, 2 की मौत

पहले बंद मकान की करते थे रेकी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद गिरोह के कुछ सदस्य घर के बाहर खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते थे, जबकि कुछ आरोपी घर के अंदर घुसकर ताला तोड़ते और आभूषण व अन्य सामान चोरी कर लेते थे।

CCTV कैमरों से बचने के लिए अपनाते थे तरीका

पुलिस के अनुसार, चोरी करने के बाद आरोपियों के सामने चोरी का सामान बेचने की चुनौती होती थी। पुलिस का दावा है कि बाजार की दुकानों में लगे CCTV कैमरों से बचने के लिए आरोपी चोरी के आभूषण और सामान को स्थानीय स्तर पर सीधे बेचने के बजाय ट्रेन और बसों से अलग-अलग जगहों पर घूमकर बेचने का प्रयास करते थे।

एक जिंदगी बीत गयी जेल में! 39 साल बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दो हत्यारोपी को किया आजाद

पांचों आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक तिवारी, निवासी पचराव, थाना चुनार, मीरजापुर; मोहित तिवारी, निवासी पचराव, थाना चुनार, मीरजापुर; अनुज तिवारी, निवासी दिनदासपुर, थाना जंसा, वाराणसी; पार्थ उर्फ साहिल, थाना जंसा, वाराणसी क्षेत्र और मोहम्मद शान, निवासी सजोई, थाना जंसा, वाराणसी के रूप में हुई है।

पुलिस की कार्रवाई में कौन-कौन रहे शामिल?

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मीरजापुर के निर्देशन में हुई। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन राजकुमार मीणा और क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चुनार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

Location :  Mirzapur

Published :  11 September 2026, 6:35 PM IST