हिंदी
कारोबारी हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार के लिए सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी में मजबूती और एशियाई बाजारों की तेजी से बाजार में अच्छी शुरुआत की उम्मीद है। हालांकि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव निवेशकों की चिंता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में आज कुछ खास स्टॉक्स में हलचल देखने को मिल सकती है।
इन स्टॉक्स पर रखें नजर (Image Source: Google)
New Delhi: कारोबारी हफ्ते की शुरुआत भारतीय शेयर बाजार के लिए सकारात्मक संकेतों के साथ हो सकती है। आज सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे गिफ्ट निफ्टी 126 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,329 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। इससे संकेत मिल रहा है कि घरेलू बाजार में आज अच्छी शुरुआत देखने को मिल सकती है। एशियाई बाजारों में भी मजबूती का माहौल नजर आया है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
दरअसल, ईरान के प्रमुख निर्यात केंद्र पर अमेरिकी हमले के बाद शुरुआती अस्थिरता देखने को मिली थी। हालांकि बाजार अब धीरे-धीरे स्थिर होने की कोशिश कर रहे हैं। तेल की कीमतों में शुरुआती उछाल भी कुछ हद तक कम हुआ है, जिससे वैश्विक बाजारों को राहत मिली है। साथ ही डॉलर में आई कमजोरी भी इक्विटी बाजारों के लिए सकारात्मक मानी जा रही है। निवेशकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि मध्य पूर्व में चल रहा संघर्ष वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को कितना प्रभावित करता है।
वैश्विक बाजारों पर इस समय मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का असर साफ दिखाई दे रहा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ा दी है। इस संघर्ष के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आगर स्थिति और बिगड़ती है तो इससे वैश्विक महंगाई पर भी असर पड़ सकता है।
Share Market में बढ़त के साथ शुरुआत, आईटी शेयरों ने संभाला मोर्चा; इंफ्रा सेक्टर में भी हलचल
तेल की कीमतों में तेजी से कई देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है, जिसका असर शेयर बाजारों पर भी देखने को मिलता है। इसलिए निवेशक फिलहाल सतर्क नजर आ रहे हैं और वैश्विक घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। जानकारी के अनुसार आगर ऊर्जा आपूर्ति में बड़ा व्यवधान नहीं आता है, तो बाजार में सकारात्मक रुख बना रह सकता है। लेकिन किसी भी नई भू-राजनीतिक घटना से बाजार में अचानक उतार-चढ़ाव आ सकता है।
इन शेयरों में आज दिख सकती है हलचल
आज के कारोबार में कई कंपनियों से जुड़ी खबरों के कारण उनके शेयरों में खास हलचल देखने को मिल सकती है।
अदानी पावर को महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी से 1,600 मेगावाट बिजली आपूर्ति के लिए लॉन्ग टर्म कॉन्ट्रैक्ट के तहत लेटर ऑफ अवार्ड मिला है।
एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने स्वतंत्र निदेशक कल्पना उनादकट को कंपनी का नया चेयरपर्सन नियुक्त करने की मंजूरी दी है, जो 1 अप्रैल से पद संभालेंगी।
वारी एनर्जीज़ महाराष्ट्र के नागपुर में करीब 6,200 करोड़ रुपये के निवेश से 10 गीगावाट की इंटीग्रेटेड इंगट और वेफर निर्माण सुविधा शुरू करने जा रही है।
इसके अलावा दिलीप बिल्डकॉन, रामकी इंफ्रास्ट्रक्चर, GMR एयरपोर्ट्स, सीमेक, इंटरग्लोब एविएशन, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़, वोल्टास, JK लक्ष्मी सीमेंट और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ से जुड़ी खबरों के कारण भी इन कंपनियों के शेयरों में गतिविधि देखने को मिल सकती है।
Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी ने हरे निशान पर की शुरुआत, कारोबार में दिखा उतार-चढ़ाव
(डिस्क्लेमर: यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से दी गई है। इसे निवेश सलाह न माना जाए। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन होता है। निवेश करने से पहले किसी प्रमाणित वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।