हिंदी
सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट (Img- Canva)
New Delhi: घरेलू सराफा बाजार में निवेश करने वालों और आम उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर है। देश में सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 20 जून की सुबह देश की राजधानी दिल्ली सहित देश के तमाम बड़े शहरों में सोने के दाम काफी नीचे आ गए हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,46,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई है।
इससे ठीक एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 2,840 रुपये की भारी गिरावट देखी गई थी, जिसके बाद यह 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बाजार जानकारों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर डॉलर के मजबूत होने से कीमती धातुओं पर दबाव काफी बढ़ गया है। फिलहाल डॉलर सूचकांक एक साल के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया है, जिसका सीधा असर सोने पर पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,148.45 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
कीमतों में आई इस गिरावट के बाद देश के अलग-अलग शहरों में सोने के भाव बदल गए हैं। दिल्ली में जहाँ 24 कैरेट सोने की कीमत 1,46,000 रुपये है, वहीं 22 कैरेट का भाव 1,33,840 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है। मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरु में सोने की कीमतें लगभग एक समान बनी हुई हैं। इन सभी शहरों में 22 कैरेट सोने की कीमत 1,33,690 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोने की कीमत 1,45,850 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।
चेन्नई में सोने की कीमतें अन्य शहरों के मुकाबले थोड़ी ऊपर हैं, यहाँ 24 कैरेट सोने का भाव 1,48,030 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,35,690 रुपये प्रति 10 ग्राम है। अहमदाबाद और भोपाल में 24 कैरेट सोना 1,45,900 रुपये तथा 22 कैरेट सोना 1,33,740 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। इसके अलावा जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में दिल्ली के समान ही भाव बने हुए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट के पीछे अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतियां और बयान मुख्य वजह हैं। फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श की हालिया टिप्पणियों से यह संकेत मिला है कि यदि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में इसी तरह मजबूती बनी रहती है, तो वर्ष 2026 में ब्याज दरों में एक बार फिर बढ़ोतरी की जा सकती है। ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की यह खबर सोने जैसी गैर-ब्याज वाली कीमती धातुओं के लिए एक निगेटिव फैक्टर साबित हो रही है। आपको बता दें कि जून की हालिया बैठक में फेडरल रिजर्व ने अपनी बेंचमार्क ब्याज दरों को 3.5 प्रतिशत से 3.75 प्रतिशत के दायरे पर स्थिर रखा है।
Gold Price Today: दिल्ली से नोएडा तक गिरे गोल्ड रेट, जानिए आज किस शहर में कितना सस्ता मिल रहा सोना
सोने की तर्ज पर ही औद्योगिक और आभूषण क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली दूसरी कीमती धातु चांदी में भी तगड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सराफा बाजार में 20 जून को चांदी की कीमत घटकर 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। वैश्विक बाजार की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी यानी स्पॉट सिल्वर की कीमत इस समय 64.73 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही है।
Location : New Delhi
Published : 20 June 2026, 8:48 AM IST