ग्रेटर नोएडा में ट्रांसपोर्टर हत्याकांड: बेटे की मौत से उबर नहीं पाया था परिवार, अब पिता की हत्या से टूटा घर

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर इलाके में ट्रांसपोर्टर जीवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी ने घर से बुलाकर साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बेटे की मौत के बाद अब पिता की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 June 2026, 8:48 AM IST
google-preferred

Noida Desk: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में 50 वर्षीय ट्रांसपोर्टर जीवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोसी और उसके साथी पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच टीमें गठित की हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

पड़ोसी ने घर से बुलाया, फिर हुई हत्या

मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले जीवन यादव बादलपुर की रॉयल सिटी कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह महिंद्रा पिकअप वाहन को किराये पर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रात को पड़ोसी विशाल कश्यप ने जीवन यादव को घर के बाहर से आवाज देकर बुलाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि इसके बाद पड़ोस में रहने वाला विशाल और अच्छेजा का रहने वाला विक्की अपने साथ पैदल-पैदल जीवन को बाहर की तरफ लेकर चले गए। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर स्थित एक खाली प्लॉट में ले जाकर जीवन यादव के सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

नोएडा श्रमिक आंदोलन में पुलिस ने कर दिया ऐसा कांड, गले में फंस गई हड्डी, NHRC ने DGP और DG जेल से मांगा जवाब

CCTV फुटेज ने खोले राज

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग भी मिले हैं। हत्या से कुछ मिनट पहले जीवन यादव, विशाल कश्यप और विक्की एक साथ गली से बाहर जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए हैं। इसके बाद जीवन का शव घर से कुछ दूरी पर खाली प्लॉट में मिला। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

दूध लेने रोजाना जीवन के घर आता था विशाल

परिजनों ने बताया कि जीवन यादव ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के साथ-साथ एक भैंस भी पालते थे और मोहल्ले के कुछ लोगों को दूध बेचते थे। आरोपी विशाल कश्यप भी उनके घर से दूध लेता था। इसी वजह से उसका जीवन यादव के घर रोजाना आना-जाना था। परिवार का कहना है कि जीवन यादव की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, इसलिए हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर ओवरलोड डंपर से बरसाए पत्थर, फिर फावड़े के साथ पुलिस ने…Video Viral

बेटे की मौत के बाद एक और बड़ा सदमा

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही सड़क हादसे में जीवन यादव के बेटे की मौत हो गई थी। बेटे को खोने के बाद परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। अब परिवार के मुखिया की हत्या ने पूरे घर को तोड़कर रख दिया है। जीवन यादव की पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। जीवन की बेटी ने भावुक होकर बताया कि पहले उनके भाई की मौत हुई और अब पिता भी इस दुनिया में नहीं रहे। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर विशाल कश्यप और विक्की के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए जांच जारी है।

Location :  Noida

Published :  20 June 2026, 8:48 AM IST

Advertisement