Jamui Train Accident: जमुई में देर रात बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के 10 डिब्बे पुल से गिरे; 19 डिब्बे हुए बेपटरी

बिहार के जमुई जिले में देर रात बड़ा रेल हादसा हो गया, जहां सीमेंट लदी मालगाड़ी के 19 डिब्बे बेपटरी हो गए। इनमें से 10 डिब्बे बरुआ नदी पुल से नीचे गिर गए। हादसे के कारण झाझा-जसीडीह रेलखंड पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 December 2025, 10:39 AM IST
google-preferred

Jamui: बिहार के जमुई जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण रेल हादसा हो गया। सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी झाझा-जसीडीह रेलखंड पर अचानक बेपटरी हो गई। यह दुर्घटना सिमुलतला से सटे टेलवा हॉल्ट के पास बरुआ नदी पुल पर रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। हादसे में मालगाड़ी के लगभग 19 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से करीब 10 डिब्बे सीधे पुल से नीचे नदी की ओर जा गिरे।

तेज आवाज के साथ पटरी से उतरी मालगाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जसीडीह से झाझा की ओर जा रही मालगाड़ी जैसे ही पुल संख्या 676 के पास पहुंची, अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और एक के बाद एक कई डिब्बे पटरी से उतर गए। देखते ही देखते कुछ डिब्बे पुल से नीचे गिर गए, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत लाहाबन-सिमुलतला सेक्शन में हुआ।

सीमेंट बिखरने से ट्रैक को भारी नुकसान

मालगाड़ी में बड़ी मात्रा में सीमेंट लदा हुआ था। डिब्बों के गिरते ही पुल और रेल लाइन के आसपास सीमेंट के बोरे और मलबा फैल गया। इससे रेल पटरी को गंभीर नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया। किउल-जसीडीह रेलखंड पर चलने वाली कई यात्री और मालगाड़ियों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया या उनका मार्ग परिवर्तित किया गया।

बुलंदशहर छतारी बाजार में भीषण आग: 7 दुकानें जलकर खाक, करोड़ों रुपए का नुकसान

रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेल पुलिस, आरपीएफ और रेलवे के तकनीकी अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल, मधुपुर और झाझा से दुर्घटना राहत ट्रेन (ART) और भारी क्रेनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारी युद्धस्तर पर राहत और ट्रैक बहाली के कार्य में जुटे हुए हैं।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। चूंकि यह एक मालगाड़ी थी, इसलिए किसी यात्री के प्रभावित होने की आशंका नहीं रही। हालांकि, रेलवे को इस हादसे से भारी परिचालन नुकसान हुआ है और ट्रैक बहाल करने में कई घंटे लग सकते हैं।

नोएडा में यूपी कबड्डी लीग: गजब गाजियाबाद की एकतरफा जीत, उदय डाबस की कप्तानी पारी

हादसे के कारणों की जांच जारी

पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आठ डिब्बों के पटरी से उतरने की पुष्टि हुई है, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बाधित हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या ट्रैक में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही रेल यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया जाएगा।

Location :  Jamui

Published :  28 December 2025, 10:39 AM IST

Advertisement