हिंदी
पीएम मोदी ने एनडीए कार्यकर्ताओं को सराहा
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के सहयोगी दलों और कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। एनडीए ने 243 सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर जबरदस्त बढ़त बनाकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। पीएम मोदी ने इसे सुशासन, विकास, जनकल्याण और सामाजिक न्याय की अभूतपूर्व जीत करार दिया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "बिहार में सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जनकल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।" उन्होंने जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को अभूतपूर्व विजय प्रदान की।
सुशासन की जीत हुई है।
विकास की जीत हुई है।
जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है।
सामाजिक न्याय की जीत हुई है।
बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 14, 2025
पीएम मोदी ने कहा, "बिहार के मेरे परिवारजनों को बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक व अभूतपूर्व विजय का आशीर्वाद प्रदान किया। यह अपार जनसमर्थन हमें जनता-जनार्दन की निष्ठापूर्ण सेवा करने तथा बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्पों के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।"
बिहार चुनाव की बड़ी खबर: छपरा से खेसारी लाल हारे, जानिये कौन पड़ा भोजपुरी स्टार पर भारी
पीएम मोदी ने एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया, जनता के बीच जाकर विकास के एजेंडे को साझा किया और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। पीएम ने कहा, "मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।"
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आने वाले समय में एनडीए बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए व्यापक प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति और नारी शक्ति को भरपूर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि राज्य का हर नागरिक समृद्ध और सशक्त जीवन जी सके।
पीएम मोदी ने एनडीए की जीत को सिर्फ राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की जीत बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में हर क्षेत्र में विकास को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के लोग बेहतर जीवन स्तर का अनुभव करेंगे।
Location : Patna
Published : 14 November 2025, 6:21 PM IST