8th Pay Commission: PM मोदी को भेजी गईं पेंशनर्स की 11 मांगें, क्या 20% बढ़ जाएगी पेंशन?

8वें वेतन आयोग से पहले पेंशनर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 11 मांगों का ज्ञापन भेजा है। इसमें 20 फीसदी अंतरिम राहत, पुरानी पेंशन योजना की वापसी और पुराने कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन जैसी मांगें शामिल हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 November 2026, 5:56 PM IST
google-preferred

8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग का इंतजार कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों के साथ अब पेंशनर्स की निगाहें भी सरकार के फैसले पर टिकी हैं। इसी बीच पेंशनर्स संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अपनी 11 मांगें रखकर हलचल बढ़ा दी है।

इन मांगों में पेंशन में कम से कम 20 फीसदी अंतरिम राहत, पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और पुराने पेंशनर्स को भी 8वें वेतन आयोग का लाभ देने जैसी अहम बातें शामिल हैं। अगर इन मांगों पर सरकार विचार करती है, तो लाखों पेंशनर्स को राहत मिलने का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, फिलहाल ये मांगें हैं, सरकार की ओर से इन पर मंजूरी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

पीएम मोदी को क्यों भेजा गया ज्ञापन?

फोरम ऑफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन (FCPA) ने 25 नवंबर को नई दिल्ली के ईस्टर्न कोर्ट में सामूहिक धरना दिया। इसके बाद संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर पेंशनर्स की समस्याएं उठाईं। इस ज्ञापन में केंद्र सरकार, रेलवे, रक्षा, BSNL, MTNL, बैंक और स्वायत्त संस्थाओं से जुड़े पेंशनर्स के साथ फैमिली पेंशनर्स के मुद्दे भी शामिल किए गए हैं। संगठन चाहता है कि सरकार 8वें वेतन आयोग के दायरे में सभी पुराने पेंशनर्स को स्पष्ट रूप से शामिल करे।

पेंशनर्स की ये हैं 11 बड़ी मांगें

FCPA ने अपने ज्ञापन में पेंशन से जुड़े कई ऐसे मुद्दे उठाए हैं, जिनका सीधा असर रिटायर्ड कर्मचारियों और उनके परिवारों पर पड़ सकता है-

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में हो सकता है बड़ा इजाफा, देखिये पूरा कैलकुलेशन

1. पेंशन वैलिडेशन एक्ट 2025 को वापस लेने की मांग

संगठन ने पेंशन से जुड़े वैलिडेशन प्रावधानों को खत्म करने की मांग की है। ये प्रावधान फाइनेंस एक्ट 2025 का हिस्सा हैं। FCPA का कहना है कि इससे पुराने पेंशनर्स के हित और पेंशन में समानता का मुद्दा प्रभावित हो सकता है।

2. 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी मिले लाभ

यह पेंशनर्स की सबसे अहम मांगों में से एक है। संगठन चाहता है कि 8वें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) में साफ लिखा जाए कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन भी संशोधित होगी। इससे पुराने और नए पेंशनर्स के बीच भेदभाव की आशंका दूर हो सकेगी।

3. पुरानी पेंशन योजना (OPS) फिर से लागू हो

FCPA ने 1 जनवरी 2004 या उसके बाद भर्ती हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की है। इसके साथ ही नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को बंद करने की मांग भी रखी गई है।

4. BSNL और MTNL पेंशनर्स को मिले राहत

BSNL और MTNL में शामिल हुए कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन का मामला भी ज्ञापन में उठाया गया है। संगठन चाहता है कि 1 जनवरी 2017 से लंबित पेंशन संशोधन को लागू किया जाए, ताकि इन संस्थानों के रिटायर्ड कर्मचारियों को राहत मिल सके।

8th Pay Commission

पेंशनर्स ने पीएम मोदी को भेजी 11 मांगे (Img: AI Generated)

5. बैंक पेंशनर्स की पेंशन अपडेट की जाए

बैंक से रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन को लेकर भी मांग रखी गई है। FCPA चाहता है कि बैंक पेंशनर्स की पेंशन में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पैटर्न के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाए।

6. स्वायत्त संस्थाओं के पेंशनर्स भी आयोग में शामिल हों

संगठन की मांग है कि स्वायत्त संस्थाओं (Autonomous Bodies) के पेंशनर्स को भी 8वें वेतन आयोग के दायरे में लाया जाए। इसके अलावा उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य योजना यानी CGHS की मेडिकल सुविधाएं देने की मांग की गई है।

7. 50 फीसदी DA और DR को बेसिक पेंशन में मिलाया जाए

पेंशनर्स चाहते हैं कि अंतरिम राहत के तौर पर 50 फीसदी महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) को बेसिक सैलरी और पेंशन में जोड़ दिया जाए। संगठन का कहना है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को आर्थिक मदद मिल सकती है।

8. पेंशन में कम से कम 20 फीसदी अंतरिम राहत मिले

FCPA ने मौजूदा पेंशन और फैमिली पेंशन पाने वालों को कम से कम 20 फीसदी अतिरिक्त अंतरिम राहत देने की मांग की है। संगठन चाहता है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने तक यह राहत मिलती रहे।

9. कम्यूटेड पेंशन की 15 साल की अवधि घटे

फिलहाल पेंशन का कम्यूटेड हिस्सा 15 साल बाद बहाल होता है। कम्यूटेशन के तहत कर्मचारी अपनी पेंशन का एक हिस्सा एकमुश्त रकम के रूप में पहले ले सकते हैं, जिसके बदले कुछ समय तक मासिक पेंशन में कटौती होती है। FCPA इस बहाली की अवधि को घटाकर 10 साल और 8 महीने करने की मांग कर रहा है।

10. मेडिकल सुविधाएं बढ़ें, भत्ता हो 5,000 रुपये

पेंशनर्स ने CGHS वेलनेस सेंटर की संख्या बढ़ाने और हर जिले में कम से कम एक केंद्र खोलने की मांग की है। इसके अलावा डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और दवाओं की उपलब्धता बेहतर करने की बात कही गई है। ज्यादा अस्पतालों को CGHS पैनल में शामिल करने, कैशलेस इलाज आसान बनाने और फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस को बढ़ाकर 5,000 रुपये करने का प्रस्ताव भी दिया गया है।

11. सभी पेंशनर्स को मिले समान अधिकार

संगठन चाहता है कि 1 जनवरी 2026 से पहले और उसके बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों के बीच पेंशन के मामले में अंतर न हो। समान पद और सेवा अवधि वाले पेंशनर्स को समान आधार पर संशोधित पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही पेंशन में समानता और वन रैंक वन पेंशन (OROP) से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देने की मांग की गई है।

पुराने पेंशनर्स को क्यों है सबसे ज्यादा चिंता?

पेंशनर्स की चिंता का बड़ा कारण रिटायरमेंट की तारीख है। कई कर्मचारी ऐसे हैं जो सालों तक सरकारी सेवा देने के बाद 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके हैं। उन्हें डर है कि कहीं 8वें वेतन आयोग के तहत मिलने वाले संशोधन में उनकी अनदेखी न हो जाए।

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग से पहले रिटायर हुए कर्मचारी भी होंगे मालामाल? समझ लें पूरा गणित

FCPA का कहना है कि पेंशन संशोधन के मामले में केवल रिटायरमेंट की तारीख को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। संगठन चाहता है कि पुराने पेंशनर्स को भी नए पेंशनर्स के बराबर लाभ मिले।

क्या सरकार ने 20 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है?

यहां पेंशनर्स के लिए एक जरूरी बात समझना जरूरी है। 20 फीसदी अंतरिम राहत, 50 फीसदी DA-DR मर्जर और OPS की बहाली अभी संगठन की मांगें हैं। सरकार ने इन्हें मंजूरी देने की घोषणा नहीं की है। सरकार ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन किया है और उसके दायरे में पेंशन से जुड़े विषय भी शामिल हैं। लेकिन FCPA चाहता है कि पुराने पेंशनर्स की पेंशन संशोधन को लेकर स्थिति और स्पष्ट की जाए।

अब प्रधानमंत्री कार्यालय के फैसले पर नजर

FCPA ने अपना ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा वित्त मंत्री, कार्मिक एवं पेंशन मंत्री और पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग के सचिव को भी भेजा है। संगठन ने प्रधानमंत्री या वित्त मंत्री से मुलाकात के लिए समय भी मांगा है।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 5:56 PM IST

Advertisement