‘कोर्ट के आदेशों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!’ दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा एक्शन; सरकार के बड़े अधिकारियों को नोटिस

तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री विजय सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं होने पर कोर्ट ने कई वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया और मंदिर ट्रस्ट को निलंबित कर दिया। जानिए पूरे विवाद की वजह, कोर्ट की सख्त टिप्पणियां और दरगाह की सुरक्षा को लेकर हुई सुनवाई की पूरी कहानी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 November 2026, 3:49 PM IST
google-preferred

New Delhi: तमिलनाडु में एक धार्मिक आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सरकार और सुप्रीम कोर्ट के बीच टकराव का बड़ा मामला बन गया है। तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री विजय की सरकार और राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत का आरोप है कि उसके स्पष्ट आदेश के बावजूद दीप प्रज्ज्वलन नहीं कराया गया। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने न सिर्फ कई वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया, बल्कि मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को भी निलंबित कर दिया।

कोर्ट ने सरकार और प्रशासन को लगाई फटकार

तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद पर 27 नवंबर को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा कि अदालत के आदेशों को कोई भी व्यक्ति कमजोर नहीं कर सकता, फिर चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर कोई संवैधानिक अराजकता पैदा करने की कोशिश करता है, तो अदालत उसे ठीक करने के लिए कदम उठाएगी।

कई बड़े अधिकारियों को नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में तमिलनाडु के प्रशासनिक और पुलिस तंत्र के कई बड़े अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। इनमें राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) विभाग के सचिव और आयुक्त शामिल हैं। इसके अलावा मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मंदिर बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष व अन्य ट्रस्टियों को भी नोटिस दिया गया है।

Constitution Day: मौलिक अधिकारों से न्यायिक सुधारों तक, संविधान दिवस पर सुप्रीम कोर्ट से CJI सूर्यकांत का बड़ा संदेश

मंदिर ट्रस्ट को किया निलंबित

सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ नोटिस जारी करने तक ही अपना एक्शन सीमित नहीं रखा। अदालत ने मदुरै के सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित करने का आदेश भी दिया है। कोर्ट ने माना कि दीप प्रज्ज्वलन से जुड़े उसके आदेश का पालन नहीं किया गया। ऐसे में मंदिर के मौजूदा ट्रस्टियों के प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाना जरूरी है।

'कानून का शासन लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत'

अपने अवमानना आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने कानून के शासन को लोकतंत्र की बुनियादी ताकत बताया। अदालत ने गोदावर्मन मामले में दिए गए फैसले का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक समाज में कानून से ऊपर कोई नहीं हो सकता। कोर्ट ने संविधान की प्रस्तावना का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के लोगों ने सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व दिलाने का संकल्प लिया है।

Rahul Gandhi CBI-ED Case: राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, CBI-ED जांच में इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश रद्द

अनुच्छेद 144 का जिक्र कर दिया संदेश

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में संविधान के अनुच्छेद 144 का भी खास तौर पर उल्लेख किया। इस अनुच्छेद के तहत भारत के क्षेत्र में सभी नागरिक और न्यायिक प्राधिकरण सुप्रीम कोर्ट की सहायता करने के लिए बाध्य हैं। अदालत ने कहा कि संवैधानिक आदेशों को सीधे या परोक्ष रूप से कमजोर करने की कोशिशों से सख्ती से निपटना जरूरी है। ऐसी परिस्थितियों में गलत तरीके की सहानुभूति दिखाने की जरूरत नहीं है।

क्या था सुप्रीम कोर्ट का आदेश?

इस पूरे विवाद की जड़ सुप्रीम कोर्ट का 20 नवंबर का आदेश है। अदालत ने एक सीमित और एक बार के इंतजाम के तहत 24 नवंबर को तिरुपरनकुंद्रम की पहाड़ी पर स्थित दीपथून में कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। यह अनुमति सिर्फ इसी साल के आयोजन के लिए दी गई थी। कोर्ट ने साफ किया था कि इसे भविष्य में किसी धार्मिक परंपरा या अधिकार का अंतिम प्रमाण नहीं माना जाएगा। लेकिन 24 नवंबर को विवादित पहाड़ी स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने परंपरागत स्थान उचिपिल्लैयार मंडपम में ही दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाते हुए अवमानना याचिकाएं दाखिल की गईं।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 3:49 PM IST

Related News

Advertisement