IPL 2027: मुंबई इंडियंस में ‘हिटमैन’ युग की वापसी, लौट आया MI का असली किंग

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बड़े बदलाव की तैयारी है। हार्दिक पांड्या के टीम छोड़ने के बाद अब सबकी नजरें नए कप्तान के नाम पर टिकी हैं। क्या रोहित शर्मा एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगे?

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 27 November 2026, 5:46 PM IST
google-preferred

New Delhi: आईपीएल 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अपनी टीम में बड़ा बदलाव करने जा रही है। फ्रेंचाइजी शुक्रवार शाम नए कप्तान के नाम का ऐलान कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की एक बार फिर टीम की कमान संभालने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी मिल सकती है। दरअसल, हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद मुंबई इंडियंस में कप्तानी का पद खाली हो गया है। ऐसे में टीम को नए नेतृत्व की जरूरत है।

रोहित शर्मा के अलावा ये खिलाड़ी भी रेस में

मुंबई इंडियंस के नए कप्तान की दौड़ में रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह के नाम भी शामिल हैं। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने इस साल टी-20 विश्व कप जीता था। वहीं, जसप्रीत बुमराह भी कप्तानी का अनुभव रखते हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई की कप्तानी की थी।

हालांकि, रोहित शर्मा की वापसी को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी की और टीम को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया।

रोहित की कप्तानी में MI ने जीते पांच खिताब

रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस उपलब्धि के साथ वह महेंद्र सिंह धोनी के बराबर पांच आईपीएल खिताब जीतने वाले कप्तानों में शामिल हैं। वहीं, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का पिछला सीजन बेहद निराशाजनक रहा। टीम ने 14 लीग मुकाबलों में से केवल चार मैच जीते और अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। ऐसे में टीम को छठे खिताब का इंतजार है।

कोचिंग स्टाफ में भी हुआ बड़ा बदलाव

कप्तानी के साथ मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किए हैं। कीरोन पोलार्ड को हेड कोच, रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच और मिशेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच बनाया गया है। इसके अलावा टी. दिलीप फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी डेवलपमेंट बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। अब टीम की नजर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले आईपीएल मिनी ऑक्शन पर है। ऐसे में कप्तानी का ऐलान मुंबई इंडियंस के लिए नए सीजन की तैयारियों की दिशा तय कर सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 5:43 PM IST

Advertisement