हिंदी
नई डस्टर की एंट्री से मचा ‘गेम चेंज’
New Delhi: काफी समय से जिस SUV का इंतजार किया जा रहा था, वो आखिरकार बाजार में उतर गई है और आते ही ऑटो सेक्टर में हलचल तेज हो गई है। बात हो रही है Renault India की नई डस्टर की, जिसने लॉन्च होते ही अपने दमदार लुक, नए फीचर्स और पावरफुल इंजन ऑप्शन के साथ कॉम्पिटिशन को सीधी चुनौती दे दी है। कीमत से लेकर फीचर्स तक, हर पहलू ऐसा रखा गया है कि मिड-सेगमेंट SUV मार्केट में इसका दबदबा बन सके। यही वजह है कि लॉन्च से पहले ही इसका हाइब्रिड वर्जन बिक जाना इस बात का संकेत है कि कंपनी ने इस बार बड़ा दांव खेला है।
Renault Duster को कंपनी ने 10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है, जबकि इसका टॉप वेरिएंट 18.49 लाख रुपये तक जाता है। इस कीमत रेंज में इसे सीधे तौर पर मिड-साइज SUV सेगमेंट में उतारा गया है, जहां पहले से कई मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं।
नई डस्टर का लुक पहले से ज्यादा मस्कुलर और बोल्ड बना दिया गया है। इसमें चौकोर व्हील आर्च, मजबूत बॉडी क्लैडिंग और शार्प एलईडी लाइटिंग दी गई है। फ्रंट फेसिया को पूरी तरह नया डिजाइन दिया गया है, जिससे इसकी रोड प्रजेंस और ज्यादा मजबूत नजर आती है।
नई डस्टर में दो पेट्रोल इंजन ऑप्शन दिए गए हैं। पहला 1.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन है, जबकि दूसरा 1.3 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन है। इसके साथ ग्राहक को ट्रांसमिशन के कई विकल्प मिलते हैं, जिनमें 6-स्पीड मैनुअल, CVT और 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक शामिल हैं।
नई डस्टर को कई ट्रिम्स में पेश किया गया है। ऑथेंटिक, इवोल्यूशन, टेक्नो, टेक्नो+ और आइकॉनिक। बेस वेरिएंट में ही एलईडी हेडलाइट्स, 17 इंच व्हील्स, 7 इंच ड्राइवर डिस्प्ले, रियर एसी वेंट्स और 35 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। मिड वेरिएंट में 10.1 इंच टचस्क्रीन, वायरलेस कनेक्टिविटी, क्रूज कंट्रोल और रियर कैमरा जैसे फीचर्स मिलते हैं। वहीं टॉप वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 360 डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स और 17 ADAS फीचर्स तक दिए गए हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि डस्टर का हाइब्रिड वर्जन अभी लॉन्च भी नहीं हुआ, लेकिन उसकी डिमांड इतनी ज्यादा है कि 2026 के सभी मॉडल पहले ही बिक चुके हैं। कंपनी ने 2026 डिलीवरी के लिए बुकिंग बंद कर दी है।
Location : New Delhi
Published : 17 March 2026, 2:10 PM IST