
सपा का प्रदर्शन
Raebareli: गाजीपुर और हरदोई जनपद में हुई घटना के विरोध में आज समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपा जिला कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय कार्यालय तक एक रोष मार्च निकाला गया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निशा विश्वकर्मा और शिल्पी कुशवाहा के हत्यारे को फांसी देने व परिजनों को 50-50 लाख रुपए का मुआवजा भी दिए जाने की मांग उठाई गई।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ शशिकांत शर्मा ने बताया गाजीपुर जिले के थाना करण्डा के गाँव कटारिया में सियाराम विश्वकर्मा की पुत्री निशा विश्वकर्मा के साथ दबंगो ने रेप किया और उसकी निर्मम हत्या कर दी। उसके शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया। इसी तरह हरदोई जिले थाना पल्लावा के गाँव गढ़ी रसूलपुर में भी घर से खींचकर फावड़े से शिल्पी कुशवाहा की जघन्य हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि जब गाजीपुर में हमारी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल गया तो वहां के प्रधान प्रतिनिधि ने खुलेआम धमकी दी कि यदि कोई यहाँ आएगा तो तो वापिस नही जाने देंगे। पुलिस के व्यापक प्रबन्ध के बाद भी जिस तरह से पूर्व मंत्री राम आसरे विश्व कर्मा व हमारे अन्य कार्यकर्ताओं पर पत्थर बाजी हुई। इसमें हमारे मंत्री जी और कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हद तो यह हुई कि जो घायल थे उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज हो गई जबकि जो गुंडे थे वो आज भी स्वतंत्र रूप से धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी व विश्वकर्मा समाज एकत्रित हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से हमने राज्यपाल से मांग की है कि हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिये वहीं पीड़ित परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा मिलना चाहिये। एफआईआर को वापिस लिया जाए। कार्रवाही की नाम पर अभी तक कुछ नही हुआ है। बुलडोजर बाबा के नाम से विख्यात सीएम योगी का अभी तक दबंगों पर बुलडोजर क्यों नही गरजा।
इस प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधायक देवेंद्र सिंह, विधायक श्याम सुंदर भारती सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Location : Raebareli
Published : 27 April 2026, 4:04 PM IST