Video: ग्रेटर नोएडा में दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता ने समाज को दिखाया आईना, क्या गरीब- क्या अमीर सभी बेटियां शिकार

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा में 24 वर्षीय दीपिका की संदिग्ध मौत। परिजनों का आरोप- फॉर्च्यूनर और 50 लाख की मांग पूरी न होने पर चाकुओं से गोदा और तीसरी मंजिल से फेंका। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 May 2026, 2:53 PM IST

Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज उत्पीड़न का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में 24 वर्षीय नवविवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी महज डेढ़ साल पहले बड़े ही अरमानों के साथ हुई थी। दीपिका की मौत की खबर मिलते ही उसके मायके में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों का गंभीर आरोप है कि यह कोई सामान्य मौत या आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गई बर्बर हत्या है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दीपिका को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से टॉर्चर कर रहे थे। ससुराल पक्ष की ओर से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये कैश की लगातार मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर दीपिका के पति, सास और ससुर ने मिलकर कथित तौर पर उसे चाकुओं से गोदा और फिर छिपाने के लिए तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।

BREAKING: नोएडा के इस नामी बिल्डर पर FIR दर्ज, अब कसेगा पुलिस का शिकंजा

दूसरी तरफ, पुलिस को शुरुआती सूचना मिली थी कि महिला ने छत से कूदकर आत्महत्या की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इकोटेक-3 थाना पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असली वजह साफ हो सके।

Location :  Greater Noida

Published :  19 May 2026, 2:53 PM IST