हिंदी
पौड़ी गढ़वाल में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने कई गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर और वितरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। पाबौ क्षेत्र में एक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया।
खाद्य विभाग का अभियान
Pauri Garhwal: पौड़ी गढ़वाल जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। विभाग की प्रवर्तन टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में गैस एजेंसियों, प्रतिष्ठानों और पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजिका और अन्य जरूरी अभिलेखों की बारीकी से जांच की। जहां भी गड़बड़ी की आशंका दिखी। वहां एजेंसी संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा के मुताबिक, निरीक्षण अभियान के तहत श्रीनगर, दुगड्डा, खोलाचौरी, थलीसैंण, सतपुली और पाबौ क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस स्टॉक और वितरण से जुड़े सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखें। जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पाबौ क्षेत्र में एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गड़बड़ी मिलने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और वितरण से जुड़े रिकॉर्ड पूरी तरह सही रखें।
Weather Update: पौड़ी गढ़वाल और चमोली में बारिश ने मचाई तबाही, सड़कों और पुलों को भारी नुकसान
प्रशासन का कहना है कि यदि कहीं भी एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। जिससे गैस वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।