राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कैची धाम दौरे से पहले प्रशासन सतर्क, श्रद्धालुओं के लिए इस दिन बंद रहेगा मंदिर परिसर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 4 नवंबर को कैची धाम आगमन को देखते हुए नैनीताल प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया है। सुरक्षा कारणों से इस दिन दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी। मंदिर समिति ने भक्तों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।

Nainital: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित कैची धाम दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। 4 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मु बाबा नीम करोली महाराज के दरबार में दर्शन के लिए पहुंचेंगी। इस दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि राष्ट्रपति के दौरे के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 4 नवंबर की सुबह कैची धाम पहुंचने से बचें, क्योंकि इस दिन दोपहर 12 बजे तक मंदिर परिसर आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। यह निर्णय सुरक्षा कारणों और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लिया गया है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनज़र कैची धाम परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

क्या बोला मंदिर प्रबंधन समिति?

मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए धाम परिसर और आसपास के इलाकों में सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं ताकि किसी प्रकार की जाम की स्थिति न बने।

नौकरी छोड़ी…सपना छोड़ा, लेकिन बहन को बनाया स्टार; CWC फाइनल में रंग लाई दीप्ति के भाई की कुर्बानी

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा उत्तराखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उनके इस यात्रा से नैनीताल और कैची धाम का महत्व और अधिक बढ़ेगा। बाबा नीम करोली महाराज के भक्तों में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। कई भक्तों ने बताया कि राष्ट्रपति स्वयं बाबा के दर्शन के लिए आ रही हैं, यह अपने आप में सौभाग्य की बात है।

मंदिर परिसर में गहन जांच

इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच शुरू कर दी है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने और समय पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नैनीताल दौरे से पहले बड़ा फैसला, जानें कितने दिनों के लिए स्कूलों पर लगा ताला?

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित समय के बाद ही दर्शन के लिए आएं। समिति ने कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा न केवल कैची धाम के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।

अंतिम चरण में तैयारियां

नैनीताल के जिलाधिकारी ने बताया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का सहयोग इस ऐतिहासिक अवसर को और भी भव्य बनाएगा।

राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा अध्यात्म और आस्था के संगम का प्रतीक माना जा रहा है। बाबा नीम करोली महाराज के अनन्य भक्तों के बीच यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह दर्शाता है कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख भी अध्यात्म और लोक आस्था से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

Location : 
  • nainital

Published : 
  • 3 November 2025, 3:36 PM IST