नैनीताल में मिलावट और कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम

नैनीताल में जमाखोरी, मिलावटखोरी, कालाबाजारी और ओवररेटिंग के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त कार्रवाई और जांच रिपोर्ट का फॉलोअप करने के निर्देश दिए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 26 August 2026, 5:13 AM IST

Nainital: जिले में जमाखोरी, मिलावटखोरी, कालाबाजारी और ओवररेटिंग के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ ही बाजार में होने वाली अनियमितताओं पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिसब्रांडिंग और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। खासतौर पर खाद्यान्न, मिठाई, मेवे और दूध-डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मिलावटखोरों पर होगी बड़ी कार्रवाई

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और उन्हें प्रयोगशाला भेजने तक ही कार्रवाई सीमित न रहे। नमूनों की जांच रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने के साथ ही संबंधित मामलों का नियमित फॉलोअप किया जाए और कार्रवाई को उसके अंतिम परिणाम तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में मिलावट या मिसब्रांडिंग सामने आती है, उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। वहीं, खाद्य पदार्थों की जमाखोरी, कालाबाजारी और निर्धारित कीमत से अधिक दाम वसूलने यानी ओवररेटिंग की शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पंजाब में राहुल गांधी की बस यात्रा, उत्तराखंड में एकता का मंत्र! जानिए कांग्रेस का चुनावी रोडमैप

जिलाधिकारी ने अफसरों को दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भी निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और बाजार में मनमानी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

पहाड़ियां अचानक गायब हो गईं… बारिश में नैनीताल का दिखा ऐसा नजारा, जिसे देखकर ठहर गईं नजरें

प्रशासन ने आमजन से की अपील

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं मिलावट, कालाबाजारी, जमाखोरी या ओवररेटिंग की शिकायत सामने आती है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Location :  Nainital

Published :  26 August 2026, 5:06 AM IST