हिंदी
प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश (Img: Dynamite News)
Nainital: नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंचीधाम में 15 जून को बाबा नीब करौरी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कैंचीधाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में अधिकारियों, मंदिर समिति और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि मेले के सफल आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मेले के दिन भवाली-कैंचीधाम मार्ग पर आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हल्द्वानी, नैनीताल और भीमताल से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मार्ग पर कहीं भी वाहन खड़े करने या भंडारे लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने पार्किंग स्थलों पर बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका भवाली और जिला पंचायत को संयुक्त रूप से साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती के साथ मोबाइल शौचालय भी लगाए जाएंगे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन तीन बार कूड़ा उठाने की व्यवस्था की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल टैंकर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें तीन दिनों तक तैनात रहेंगी और दो एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष विद्युत टीमें सक्रिय रहेंगी।
वन विभाग को शिप्रा नदी क्षेत्र और पैदल मार्गों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मंदिर परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग, सहायता केंद्र और अग्निशमन दल भी तैनात रहेंगे।
Netflix की 6 महीने पुरानी थ्रिलर ‘तस्करी’ क्यों बनी हर दर्शक की पहली पसंद, जानिये ऐसा क्या है?
बैठक में मंदिर समिति, पुलिस प्रशासन, उप जिलाधिकारियों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए।
Location : नैनीताल
Published : 9 June 2026, 2:45 PM IST