हिंदी
पौड़ी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राजनीति हलकों में मामला गरमा गया है। मामले में बीजेपी युवा मोर्चा ने भी एक्शन लिया है।
पौड़ी: जनपद में युवक के खुद को गोली मार कर आत्महत्या मामले से पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया। युवक का आत्महत्या का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने आरोपी हिमांशु चमोली को पद से हटा दिया है। हिमांशु चमोली भारतीय युवा मोर्चा का पदाधिकारी था।
पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में आरोपी हिमांशु चमोली को गिरफ्तार किया है।
पौड़ी में आत्महत्या करने से पहले एक युवक के वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों के बाद भाजपा ने युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली का तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया।
पौड़ी में युवक ने खुद को मारी गोली
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा जैसे ही पार्टी के संज्ञान में उनसे संबंधित विवाद आया, उन्हें पार्टी के पद से मुक्त कर दिया गया।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने उसे पद से हटाने का पत्र भी जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि चूंकि यह चमोली का व्यक्तिगत मामला है, इसलिए इसमें कानून अपना काम करेगा।
ये था मामला
गौरतलब है कि पौड़ी के तलसाली गांव के रहने वाले 32 वर्षीय जितेंद्र ने 21 अगस्त को तड़के 4 बजे अपनी कार में बैठकर खुद को गोली मार दी थी। खुदकुशी से पहले जितेंद्र ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने प्रॉपर्टी के लेन देन के संबंध में आरोप लगाया था कि बीजेपी से जुड़े नेता हिमांशु चमोली ने उसे ठगा है।
उसके 35 लाख रुपए ऐंठे हैं, जिस वजह से वो ये खतरनाक कदम उठाने जा रहा है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
कांग्रेस ने लगाया गुंडागिर्दी का आरोप
दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सोशल मीडिया पर सरकार और पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या राज्य की पुलिस व सरकार में इतना साहस है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिला सके या फिर यह मामला भी सत्ता और दबंगई की भेंट चढ़ जाएगा।
माहरा ने आरोप लगाया कि हिमांशु चमोली भाजपा के बड़े नेताओं का करीबी हैं, इसलिए उन पर कार्रवाई होना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड में लोकतंत्र को खोखला कर दिया है। पंचायत चुनावों में सत्ता के संरक्षण में गोलियां चलीं, जनप्रतिनिधियों का अपहरण हुआ और विपक्षी नेताओं को धमकियां दी गईं।
पुलिस का बयान
कोतवाली प्रभारी कमलेश शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरगांव तलसारी निवासी जितेंद्र कुमार (32) ने सुबह करीब 4 बजे खुद को गोली मार ली है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को एक कार से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने कार से आवश्यक सबूत जुटाए हैं।
पुलिस ने बताया कि मरने से कुछ देर पहले जितेंद्र ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उसने भाजयुमो के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली पर भूमि खरीद-फरोख्त के मामले में उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने बताया कि जितेंद्र अपने चाचा मुकेश चंद्र के घर तलसारी में रह रहा था, जबकि उसका परिवार देहरादून के भानियावाला में रहता है। उसकी शादी 2020 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, लेकिन वह अपने परिवार से अलग रहता था।
कोतवाल कमलेश शर्मा ने बताया कि जितेंद्र ने खुद को सिंगल बैरल 12 बोर एसबीबीएल बंदूक से गोली मारी थी।
एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने इस पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और कोतवाल शर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी हिमांशु चमोली, शुभम खंडूड़ी, गौरव कंबोज, अभिषेक गैरोला और विकास शाह को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।