मुख्य सचिव ने नैनीताल में यातायात और पर्यटन सुविधाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

नैनीताल में मुख्य सचिव के निरीक्षण के बाद भवाली–रातिघाट बाईपास और कैंचीधाम मंदिर परियोजनाओं में तेजी लाई गई है। पर्यटन सीजन से पहले सुचारू यातायात और बेहतर सुविधाओं की तैयारी पूरी रफ्तार में जारी है।

Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में यातायात और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भवाली-रातिघाट बाईपास, नव निर्मित भवाली बायपास और कैंचीधाम मंदिर में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य जून से पहले पूरा कर पर्यटन सीजन में यातायात सुचारू किया जाए और पर्यटकों व श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कैंचीधाम मंदिर में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या

मुख्य सचिव ने कहा कि कैंचीधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए बाईपास मार्ग का निर्माण प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक स्थाई मोटर पुल तैयार नहीं होता, वैलिब्रिज के माध्यम से यातायात सुचारू रखा जाए।

बाईपास निर्माण की प्रगति

लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने बताया कि सेनिटोरियम से रातीघाट तक 18.15 किलोमीटर बाईपास में से 8 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो गया है और यातायात सुचारू है। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग और सुरक्षा दीवारों का काम तेजी से जारी है। शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का निर्माण भी प्रगति पर है।

नैनीताल में छह स्थानों से एक साथ आई कई आपदा सूचनाएं, प्रशासन में मची अफरातफरी

पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम मंदिर परिसर में बहुमंजिला कार पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु सहित पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पार्किंग में वाहनों के प्रवेश और निकासी अलग-अलग गेट से हों, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिल सके।

अन्य निरीक्षण और सुरक्षा उपाय

भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने बाबा नीम करौली के दर्शन कर राज्य की सुख-शांति की कामना की। इसके अलावा, नैनीताल मालरोड में भू-धसाव रोकने और सड़क सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समय पर कार्य पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों की मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान आयुक्त कुमाऊं, सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

आंधी के कहर से थमी नैनीताल की रफ्तार: 40 घंटे से अंधेरे में डूबा शहर, मोमबत्ती की रोशनी में गुजरी सैलानियों की रात

मुख्य सचिव का यह निरीक्षण यह दर्शाता है कि नैनीताल जिले में पर्यटन और यातायात सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जल्द पूर्ण होने वाली बाईपास और मंदिर परिसर परियोजनाएं श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधा और सुरक्षा बढ़ाएंगी।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 18 March 2026, 11:30 AM IST

Advertisement